भूत ने पहली बीवी से दूर किया, पुलिस ने दूसरी… बेचारा दूल्हा!

बुलंदशहर में शादीबुलंदशहर। यूपी के बुलंदशहर में शादी के दौरान सबके होश तब फाख्ता हो गए, जब मौके पर पुलिस दूल्हे को उठा ले गयी। शादी के इस माहौल में एक महिला पुलिस लेकर पहुंची थी। उसने दूल्हे को अपना पति बताया। उसका कहना है कि उनका अभी तलाक नहीं हुआ है। मामला कोर्ट में है।

बुलंदशहर में शादी

मामला बुलंदशहर के देहात क्षेत्र का है। यहां के वोल्गा मैरिज होम में सिकंदराबाद से एक बारात आई थी। शादी का माहौल था और सभी घराती दूल्हे की आवभगत में लगे हुए थे।

तभी एक महिला ने शादी के मंडप में पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।

इसके बाद पुलिस ने महिला को शांत कराया और मामले की पूछताछ की। हंगामा कर रही महिला तबस्सुम ने बताया कि शाहि‍द के साथ उसकी शादी 2010 में हुई थी।

उसने बताया 2011 से दोनों का कोर्ट में तलाक के लिए केस चल रहा है। तबस्सुम की मानें तो अभी तक कोर्ट ने अपना फैसला नहीं सुनाया है। फिर भी शाहि‍द बुधवार को दूसरी शादी रचाने बुलंदशहर जा पहुंचा।

महिला ने बताया कि उसे कहीं से पता चला कि शाहिद शादी कर रहा है, तो वो शादी के मंडप में आ पहुंची।

तबस्सुम को इस बात का भी बेहद दुख है कि उसकी जिंदगी तो इस युवक ने बर्बाद कर दी है, लेकिन उसके देर से पहुंचने के कारण एक और लड़की की जिंदगी बर्बाद हो गई।

दरअसल महिला के पहुंचने से पहले शादी की सभी रस्में पूरी हो चुकी थी। नई दुल्हन के परिजनों ने उसे शाहिद के साथ भेजने से साफ इनकार कर दिया है।

परिजनों का कहना है कि उनको धोखा देकर ये शादी की गई, इसलिए शादी में जो उनका पैसा खर्च हुआ, वो उन्‍हें वापिस चाहिए।

दोनों पक्ष थाने मे जमे हुए हैं और पुलिस ने आरोपी दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया है।

दूल्हे शाहि‍द के मुताबिक, उनकी पहली पत्नी तबस्सुम पर जिन्न और भूत का चक्कर है। जिन्हें उतरवाने के लिए तबस्सुम को दिल्ली में ही रहना पड़ता था।

इस बात को लेकर दोनों में इतना झगड़ा होता था कि मामला तलाक तक जा पहुंचा। शाहिद का कहना है कि धार्मिक तौर पर वह उसे तलाक दे चुका है।

एसपी सिटी मानसिंह चौहान ने बताया कि बिना तलाक हुए शाहि‍द दूसरी शादी करने बुलंदशहर पहुंचा था। पहली पत्नी की तहरीर पर शाहिद को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

LIVE TV