फर्रूखाबाद जेल में बवाल, बंदी की मौत के बाद भड़के कैदियों ने लगाई आग, 30 पुलिसकर्मी घायल

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ स्तिथ जिला जेल में एक बंदी की मौत का मामला अब धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। बंदी के मौत के बाद गुस्साए अन्य बंदियों ने पथराव कर जेल में आग लगा दी। इसमें करीब 30 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। वहीं, कई बंदी भी घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार, मेरापुर थाना क्षेत्र निवासी संदीप हत्या के मामले में जिला जेल में बंद था। हालत बिगड़ने पर उसे सैफई रेफर किया गया था। उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर बंदियों ने हंगामा कर दिया। वहीं, मौके पर पहुंचे जेलर और अन्य पुलिसकर्मियों पर भी बंदियों ने हमला कर दिया। बंदियों ने डिप्टी जेलर शैलेश कुमार सोनकर पर हमला कर दिया था। उनके साथ जमकर मारपीट की। जेल से तीन गोलियां चलने की आवाज आई।

वहीं, फतेहगढ़ जेल में बढ़ते बवाल को देखते हुए डीजी जेल आनंद कुमार ने लखनऊ मुख्यालय से डीआईजी जेल बीपी त्रिपाठी को मौके पर भेजा है। आनंद कुमार ने बताया कि फतेहगढ़ जेल में बंद संदीप यादव नाम के कैदी की डेंगू से बीती रात मौत हो गई।

LIVE TV