पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया का कोरोना से निधन, राजस्थान में एक दिन के राजकीय शोक का हुआ एलान

देश में कोरोना महामारी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। यह संक्रमण दिन पर दिन विकराल रूप लेता जा रहा है। कोरोना की दूसरी लहर बेहद घातक साबित होती जा रही है। इस महामारी से कोई भी अछूता नहीं है। इसने सभी को अपना शिकार बनाया है। इस वायरस से अब तक लाखों लोग संक्रमित हो चुके हैं वहीं हजारों की संख्या में लोग अपनी जानें गवां चुके हैं। इसी कड़ी में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया (Jagannath Pahadia) का बुधवार की देर रात निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने शोक जताते हुए राज्य में एक दिन के लिए राजकीय शोक का एलान किया।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजकीय शोक का एलान करते हुए एक ट्वीट साझा किया। अपने ट्वीट में पूर्व मुख्यमंत्री के निधन पर दुख जताते हुए उन्होंने लिखा कि, “राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया के निधन की खबर बेहद दुखद है। पहाड़िया ने मुख्यमंत्री, राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री के रूप में लम्बे समय तक देश की सेवा की, वे देश के वरिष्ठ नेताओं में से थे। शुरू से ही उनका मेरे प्रति बहुत स्नेह था, उनके जाने से मुझे व्यक्तिगत क्षति हुई है।” ना ही सिर्फ अशोक गहलोत बल्कि राजनीति के बड़े-बड़े चेहरों ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनके देश के प्रति दिए गए योगदान को याद किया।

LIVE TV