जौनपुर : भरभराकर गिरा कच्चा मकान, 5 लोगों की दबकर मौत और 6 की हालत गंभीर

यूपी के जौनपुर जिले में गुरुवार को देर रात एक बड़ा हादसा सामने आया। यहां एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। इसके मलबे के नीचे दबने से 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। घायल हुए सभी लोगों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं राहत और बचाव कार्य जारी है।

आपको बता दें कि शहर कोतवाली इलाके के बड़ी मस्जिद के पीछे मोहल्ला रोजा अर्जन में गुरुवार देर रात एक कच्चा मकान धराशायी हो गया। मकान गिरने के बाद इसके मलबे के नीचे कई लोग दब गए। रात तकरीबन 1 बजे 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए। हालांकि इसके बाद भी मलबे में तलाश की जा रही है। घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात तकरीबन 11 बजे परिवार के कुछ सदस्य सो रहे थे तो कुछ बैठकर बात कर रहे थे। इसी बीच पूरा मकान भरभराकर गिर गया। इसमें चांदनी, शन्नो, गायसुद्दीन, मोहम्मद असाउद्दीन, हेरा, स्नेहा, संजीदा, मोहम्मद कैफ, मिस्बाह व पड़ोस अजीमुल्लाह दब गए। स्थानीय लोगों व जिला प्रशासन ने दबे लोगों को निकाल कर घायलावस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया।

चिकित्सकों ने संजीदा पुत्री जमालुद्दीन, अजीमुल्ला पुत्र कतवारू, मोहम्मद कैफ पुत्र जमालुद्दीन, मोहम्मद सेफ पुत्र जमालुद्दीन, मुस्बाह पुत्री जमालुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना की जानकारी होते ही जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा व पुलिस अधीक्षक अजय कुमार साहनी भी मौके पर पहुंचे।

लगातार खबरों से अपडेट रहने के लिए टेलीग्राम पर जुड़ें

LIVE TV