जन्मदिन विशेष : ग्रेसी सिंह ने टी वी पर निभाया संतोषी मां का किरदार, आमिर और संजय दत्त संग की सुपरहिट फिल्में

*निधि सिंह

बॉलीवुड इंडस्ट्री में ग्रेसी सिंह ने अपने करियर की शुरुआत में ही शानदारअभिनय से सभी का दिल जीत लिया था। मगर एक्ट्रेस का सफर काफी मुश्किलों भरा रहा। कुछ बड़ी फिल्में मिलने के बाद उन्हें बड़े बजट की फिल्में मिलनी बंद हो गईं। इसके बाद एक्ट्रेस ने टीवी की तरफ रुख किया और यहां भी उन्होने सफलता हासिल की। इसके बाद वे मां संतोषी के रोल में नजर आईं। इस रोल में भी उन्हें खूब पसंद किया गया।

ग्रेसी सिंह आज 20 जुलाई को अपना 41वां जन्मदिन मना रही हैं। इनका जन्म साल 1980 में नई दिल्ली में हुआ था। हमेशा से ही ग्रेसी को डांस करने का शौक था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत द प्लानेट नाम के एक डांस ग्रुप के साथ की। ग्रेसी ने टीवी की दुनिया में अपना कदम रखा और अमानत नाम के सीरियल में नजर आईं। इस सीरियल के साथ वे 5 सालों तक जुड़ी रहीं। इसके बाद गुलजार की फिल्म हुतूतू से उन्होंने अपने फिल्मी करियर का आगाज किया।

साल 2001 में आमिर खान की लगान और साल 2003 में अजय देवगन की गंगाजल और इसी साल संजय दत्त की मुन्नाभाई एमबीबीएस में ग्रेसी नजर आईं। इन तीन फिल्मों से ही वे दुनयाभर में काफी पॉपुलर हो गईं। ग्रेसी जितनी जल्दी पॉपुलर हुईं उतनी ही जल्दी वे गुमनाम भी हो गईं। वे मुस्कान, यही है जिंदगी, व्हाइट लैंड, चंचल, देशद्रोही, देख भाई देख और ब्लू माउंटेन जैसी फिल्मों का हिस्सा रहीं मगर इन फिल्मों की ज्यादा चर्चा नहीं हुई। काफी सालों तक ग्रेसी लाइमलाइट से दूर रहीं और फिर उन्होंने वहीं वापसी की जहां से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने टीवी सीरियल्स की तरफ अपना रुख किया। साल 2015 में टीवी शो संतोषी मां में ग्रेसी नजर आईं। ये शो 2 साल तक चला और वे जबरदस्त पॉपुलर भी हुईं। अभी भी वे इसी के नए सीजन का हिस्सा हैं।

LIVE TV