आज भी जिंदा है गायत्री प्रजापति का खौफ, रेप पीड़िता देखना चाहती है सलाखों के पीछे
नई दिल्ली। यूपी की सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी के दिग्गज नेता और कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रजापति और उनके साथियों की दरिंदगी का शिकार हुई नाबालिग उन्हें सलाखों के पीछे देखना चाहती है। बता दें इन लोगों पर पीड़िता की मां ने रेप का आरोप लगाया है।
गायत्री प्रजापति का खौफ अभी भी
हादसे के आठ महीने बाद भी विक्टिम सदमे से उबर नहीं पाई है। उसका दिल्ली के एम्स में इलाज चल रहा है जहां उसे अलग वॉर्ड में रखा गया है। उससे मिलने की इजाजत किसी को नहीं है।
ख़बरों के मुताबिक़ प्रजापति और उनके कुछ साथियों पर एक महिला ने गैंगरेप का आरोप लगाया था। महिला के मुताबिक, उसे पार्टी में ऊंची पोस्ट और माइन दिलाने का झांसा देकर गैंगरेप किया गया।
विक्टिम ने ये भी कहा था कि वो पहले चुप थी लेकिन जब मंत्री और उनके लोगों ने उसकी नाबालिग बेटी से बदसलूकी की कोशिश की तो उसने इसके खिलाफ आवाज उठाई। पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
इस मामले में एफआईआर दर्ज ना होने पर महिला ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की। सुप्रीम कोर्ट ने प्रजापति के खिलाफ एफआईआर का ऑर्डर दिया।
कोर्ट के आदेश पर केस तो दर्ज किया जा चुका है लेकिन अखिलेश के मंत्री की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है।
खबर है कि माइनर विक्टिम हादसे के आठ महीने बाद भी सदमे में है और आधी रात को वॉर्ड से भागने की कोशिश करती है।
वो दहशत में है और उसे ऐसा लगता है जैसे प्रजापति के आदमी उसकी तलाश कर रहे हों। वो कहती है कि उसे और उसकी मां को अब इंसाफ मिलना चाहिए। प्रजापति और उसके साथियों को जेल भेजा जाना चाहिए।
उसने कहा, “मैं प्रजापति और उनके आदमियों को सलाखों के पीछे देखना चाहती हूं। उन्होंने हमें हमेशा के लिए बर्बाद कर दिया है।
जान बचाने के लिए हमें घर छोड़ना पड़ा।” इस विक्टिम की मां का आरोप है कि झांसा देकर उससे दो साल तक रेप किया गया।
हलांकि पुलिस प्रजापति की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन उनका अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। कोर्ट के आदेश के बाद से ही प्रजापति फरार चल रहे हैं।