
लखनऊ। लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी अब कांग्रेस के साथ समझौता नहीं करेगी। दरअसल सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, मध्यप्रदेश में उनके विधायक को मंत्री नहीं बनाए जाने से नाराज हैं। अखिलेश ने कहा कि भाजपा के खिलाफ उत्तर प्रदेश में बनने जा रहा गठबंधन गैर-कांग्रेसी होगा। अखिलेश यादव बुधवार को पत्रकारो से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा, “हमने मध्य प्रदेश में कांग्रेस को बिना शर्त समर्थन दिया है, फिर भी कांग्रेस ने हमारे विधायक को मंत्री नहीं बनाया। ऐसी हरकत कर कांग्रेस ने यूपी में हमारा रास्ता साफ कर दिया है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोगों को सपना दिखाया और अब तक वादों को पूरा नहीं कर सकी हैं। जब हम विकास कर रहे थे तो हमें जाति व धर्म से तौला गया था।
अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि भाजपा ने कानून-व्यवस्था का सत्यानाश कर दिया है। पहले बुलंदशहर में बड़ा बवाल, आगरा की हाल की घटना और मुख्यमंत्री के अपने जिले गोरखपुर में जिस तरह की घटनाएं हो रही हैं। उससे तो लगता है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज है ही नहीं।
सपा मुखिया ने कहा, “हम समाजवादियों को न जाने क्या-क्या कहा गया था। याद होगा उपचुनाव में समाजवादियों को लेकर किन शब्दों का इस्तेमाल किया था।”
लोकभवन में पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा लगवाने की बात पर अखिलेश ने भाजपा को बधाई दी और कहा कि आने वाले समय में सपा भी वहां चुने हुए नेताओं की प्रतिमा लगवाएगी।
पुलिस को छापेमारी में फिर मिली एके-47, तीन अरेस्ट
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 214, बसपा को दो व सपा को एक सीट मिली थी। जिसके बाद बहुमत के लिए जरूरी सीटों को जुटाने के लिए सपा-बसपा ने कांग्रेस को बिना शर्त समर्थन दिया था।
हलांकि, चुनाव के दौरान सपा, बसपा ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा था।