बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार और मतदान जारी है। इसी के तकरीबन एक सप्ताह बाद चुनाव परिणाम की घोषणा भी हो जाएगी। हालांकि यह परिणाम कांग्रेस के लिए काफी अहमियत रखते हैं। इन परिणाम के जरिए कांग्रेस को सिर्फ सत्ता पर ही नहीं पहुंचना बल्कि यह परिणाम पार्टी की अंदरूनी सियासत पर भी असर डालेंगे। पार्टी के भीतर नए अध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया भी जारी है। ऐसे में यह परिणाम उस चुनाव पर भी असर डाल सकते हैं।

विधानसभा चुनाव में पार्टी की ओर से प्रचार का जिम्मा राहुल गांधी संभाल रहे हैं। वहीं वह मोदी सरकार पर लगातार आक्रामक दिख रहे हैं। राहुल के तेवरों से साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह इन चुनाव के परिणाम के बाद पार्टी के अंदरूनी चुनाव के जरिए अध्यक्ष के तौर पर वापसी कर सकते हैं। वहीं अगर बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन बेहतर रहता है तो उनकी राह और भी अधिक आसान हो जाएगी।
आपको बता दें कि बीते दिनों पार्टी के 23 असंतुष्ट नेताओं की ओर से मौजूदा पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिख संगठन को लेकर कुछ सवाल उठाए गये थे। जिसके बाद असंतुष्ट नेताओं को साथ लेकर चलने की कोशिश में संगठन में कुछ बदलाव भी किये गये थे। वहीं पार्टी के सूत्र बताते हैं कि अगर बिहार चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन खराब रहता है तो एक बार फिर असंतुष्ट नेताओं के स्वर मुखर हो सकते हैं।