एक घर में पुलिस को मिले 10 मानव कंकाल, पुलिस के उड़े होश

कोलकाता | पश्चिम बंगाल के बर्दवान जिले में सोमवार को एक घर में 10  मानव कंकाल पाए जाने के बाद चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि‍ हमने सोमवार को बर्दवान जिले के पुरबस्थली इलाके में एक घर पर छापा मारकर 10 मानव खोपड़ियां और कई हड्डियां बरामद की हैं। इस मामले में तीन महिलाओं सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह चारों चिकित्सा छात्रों को कथित तौर पर मानव कंकाल बेचने के अवैध व्यापार में शामिल हैं। ये लोग घर के अंदर एक गुप्त कक्ष में हड्डियां छिपाकर रखते थे।

अधिकारी ने कहा कि तीनों महिलाओं और उनके व्यापारिक सहयोगी नकुल दास को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों महिलाएं एक ही परिवार से हैं। इन चारों को दस दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

अभियुक्तों ने व्यापार के बारे में कोई जानकारी नहीं दी और यह भी नहीं बताया कि कंकाल कहां से लाते थे। अधिकारी ने कहा अभियुक्त इतने सारे कंकाल कहां से प्राप्त करते थे, यह अभी भी साफ नहीं है। हम उनके तस्करी गिरोह का हिस्सा होने की जांच कर रहे हैं।

LIVE TV