उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने किया बड़ा ऐलान, 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षा से पहले ही हो जाएंगे पंचायत चुनाव

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने आज यानी शनिवार को बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा से पहले पंचायत चुनाव हो जाएंगे। इस बार बोर्ड परीक्षा 24 अप्रैल से होगी। पंचायत चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्वक कराए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि, केंद्रीय बजट प्रदेश के विकास को ध्यान में रखकर बनाया गया। प्रदेश में छह एकलव्य स्कूल खुलने के साथ ही प्रदेश के सभी जिलों में एक-एक इंटीग्रेटेड लैब भी स्थापित होगी। डिप्टी सीएम ने कहा कि, केंद्र की मोदी सरकार ने केंद्रीय करो में भारी कटौती की है। यह बजट प्रदेश के विकास में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में खर्च किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट प्रदेश के साथ ही पूरे देश के विकास के पहिए को तेजी से आगे बढ़ाने के लक्ष्य को रखकर बनाया गया है। देश में 15 हजार आदर्श स्कूल खोले जाएंगे।

उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि, सरकार भू-माफियाओं के खिलाफ लगातार काम कर रही है। सरकारी जमीनों पर जिन लोगों के कब्जे हैं, उन्हे हटाकर कब्जेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जिले के हर आम व्यक्ति को ध्यान में रखकर विकास को आगे बढ़ाया जा रहा है।

भाजपा सरकार किसानों की आय को दो गुना करने का प्रयास कर रही है। एमएसपी बढ़ाकर उत्पादन लागत का डेढ़ गुना कर दिया गया है। साथ ही एमएसपी पर खरीद में भी यूपीए सरकार की तुलना में काफी वृद्धि हुई है। इससे अधिक किसानों को लाभ हुआ है। वर्ष 2020-21 में 43 लाख किसानों को इसका लाभ दिया गया है।

LIVE TV