उतराखंड सरकार करेगी होमगार्ड जवानों की भर्ती

उतराखंड सरकारदेहरादून। उतराखंड सरकार ने कहा है कि अगले साल से होमगार्ड का प्रशिक्षण लेने वाले जवानों को रोजाना ड्यूटी की तर्ज पर चार सौ रुपये भत्ता मिलेगा। दूसरे जिले में तैनाती पर जवानों को एक सौ रुपये अतिरिक्त भत्ता दिया जाएगा। जनवरी से 3660 पदों पर तीन चरणों में भर्ती होगी।

ननूरखेड़ा(रायपुर) स्थित होमगार्ड मुख्यालय में 16वीं रैतिक परेड को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की तर्ज पर होमगार्ड को भी राज्य में मजबूत किया जा रहा है। अब तक प्रशिक्षण के दौरान 50 रुपये रोजाना भत्ता मिलता था। इसे ड्यूटी की तर्ज पर चार सौ रुपये किया गया है। वर्तमान में 6411 होमगार्ड जवान भर्ती हैं। इनकी संख्या दस हजार करने पर काम शुरू कर दिया गया है। जनवरी माह से तीन चरणों में भर्ती शुरू होगी। इसमें 40 फीसदी महिलाएं शामिल की जाएंगी।

सीएम ने दून के बाद अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में भी सिविल डिफेंस की यूनिट खोलने की घोषणा की। मंत्रियों की कमेटी के साथ जल्द होमगार्ड को पुलिस के अलावा अन्य विभागों में भी रोजगार दिए जाने पर विचार चल रहा है। इस मौके पर शहरी विकास एवं होमगार्ड मंत्री प्रीतम सिंह पंवार ने विभाग में किए गए कार्यों की जानकारी दी। इस मौके पर सीएम ने नवनिर्मित केन्द्रीय प्रशिक्षण भवन का लोकार्पण व स्मारिका का विमोचन किया।

LIVE TV