अमरोहा मे रिटायर्ड फौजी की कैंची से गोद कर हत्या, अज्ञात के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा

रिपोर्ट: नदीम अहमद/अमरोहा 

अमरोहा मे रिटायर्ड फौजी की कैंची से गोद- गोद कर हत्या कर दी गई। वह घर मे अकेले रहते थे। पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा व अपर पुलिस अधीक्षक ब्रजेश सिंह ने मौका मुआयना किया।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में बेटे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

फौजी की हत्या

घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला चकली सराफा बाजार की है। यहां पर रिटायर्ड फौजी पंडित इंद्रमोहन शर्मा का मकान है। वह 30 नवंबर 1991 को सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

इसके बाद वह अकेले घर में रहते थे। इकलौते बेटे राजन शर्मा, बेटी नीलू व नानू की शादी हो चुकी है तथा लगभग 20 साल पहले पत्नी की भी मौत हो चुकी है।

बेटे राजन शर्मा अपने परिवार के साथ मेरठ में रहते हैं। रविवार रात इंद्रमोहन शर्मा घर में अकेले थे। किसी समय अज्ञात हमलावरों ने कैंची से गोदकर उनकी हत्या कर दी।

सुबह दूधिया ने आकर घर में आवाज लगाई लेकिन, कोई जवाब न मिलने पर वह वापस लौट गया। लगभग नौ बजे आसपास के लोगों को हत्या की जानकारी हुई। घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। हत्या की सूचना मिलने पर मुहल्ले वालों में हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार आ गए। उसके बाद एसपी डॉ. विपिन ताडा, एएसपी बृजेश सिंह व सीओ जितेंद्र सिंह भी पहुंचे तथा मौका मुआयना किया। कमरे में सामान भी अस्त व्यस्त पड़ा मिला। माना जा रहा है कि हत्यारों से उनकी खींचातानी हुई होगी।

महिला ज्योतिषी ने टीवी एक्टर पर लगाया दुष्कर्म व ब्लैकमेल का आरोप…

दोपहर लगभग बारह बजे उनके बेटे व अन्य परिजन भी आ गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या के कारणों का पता नही चल सका है। परिजन भी कोई कारण स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं।

इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। सेवानिवृत्त फौजी की कैंची से गोद पर हत्या की गई है। हत्यारों का पता लगाया जा रहा है। जल्दी ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

LIVE TV