
नई दिल्ली। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के रुझान सामने आ गए हैं। तमिलनाडु में जयललिता की फिर से वापसी हुई है। तो पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को फतह मिली है। असम में पहली बार भाजपा का कमल खिलता दिख रहा है। वहीं, केरल में एलडीएफ ने जलवा बिखेरा है। पुडुचेरी ने कांग्रेस के चेहरे पर थाेड़ी सी मुस्कान जरूर बिखेरी है।
विधानसभा चुनाव के रिजल्ट
तमिलनाडु में सीएम जे जयललिता की एआईएडीएमके को 234 में 128 सीटें मिली हैं। डीएमके को यहां तगड़ा झटका लगा है। पार्टी 100 का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी है। उसे महज 96 पर संतोष करना पड़ा है।
असम में भाजपा गठबंधन को 126 में से 72 सीटें मिली हैं। भाजपा का वोट प्रतिशत 41 फीसदी बढ़ा है। यहां कांग्रेस गठबंधन को 34 सीटें, एयूडीएफ को 12 और अन्य के खाते में आठ सीटें आई हैं।
पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर 212 टीएमसी के खाते में आई हैं। लेफ्ट को 31 सीटें, कांग्रेस को 39 सीटें मिली हैं। भाजपा के लिए राहत बस इतनी है कि यहां उसका खाता खुल गया है। पार्टी को 11 सीटों पर जीत मिली है।
केरल में एलडीएफ ने कमाल कर दिया है। 140 सीटों में 88 पर कब्जा जमाया है। वहीं, यूडीएफ 50 सीटों के साथ दूसरे नंबर पर है। बीजेपी और अन्य को यहां एक-एक सीट मिली है।
पुडुचेरी में कांग्रेस को राहत मिली है। यहां 30 में 13 सीटें पार्टी को मिली हैं। वहीं एनआरसी को 12 और एडीएमके को 2 सीटों पर संतोष करना पड़ा है। यहां वोटों की गिनती अभी जारी है।