लेखपालों पर पुलिस ने किया लाठीचार्ज, दर्जनों घायल

विधानसभा का घेरावलखनऊ: बीते एक सप्ताह से अपनी मांगों को लेकर धरने पर डटे लेखपालों ने मंगलवार को हजारों की संख्या में विधानसभा का घेराव करने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें हजरतगंज चौराहे पर रोक लिया। इससे लेखपाल उग्र हो गए और पुलिस को उन पर लाठीचार्ज करना पड़ा।

लाठीचार्ज होते ही हजरतगंज चौराहे पर भगदड़ मच गई। इस दौरान चौराहे पर यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई।पुलिस ने काफी संघर्ष के बाद लेखपालों को लक्ष्मण मेला मैदान भेज दिया।

विधानसभा का घेराव करने जा रहे लेखपालों पर लाठीचार्ज

उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के कोषाध्यक्ष विनोद कश्यप ने बताया पूरे प्रदेश के हजारों लेखपाल मंगलवार को लखनऊ में जुटे। लेखपाल 2005 से पूर्व की वेतन विसंगति दूर का पेंशन विनियमित करने, 2005 के बाद भर्ती लेखपालों को पेंशन का लाभ देने सहित छह सूत्रीय मांगों को लेकर विधानसभा का घेराव करने जा रहे थे लेकिन पुलिस ने लेखपालों लाठीचार्ज किया। इसमें दर्जनों लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं।

हजरतगंज में मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन के चलते घंटों जाम लगा रहा। इस दौरान कई थानों की पुलिस और पीएसी मौजूद रही। पुलिस और प्रशासन के आलाधिकारी काफी देर तक चले बवाल के बाद मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू में करने का प्रयास किया लेकिन सभी हलकान रहे।

यातायात पुलिसकर्मी भी प्रदर्शनकारियों के आगे बेबस नजर आए। घंटो चले बवाल के बाद जब प्रशासन के आश्वाशन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसके बाद जाम में फंसे लोगों ने राहत की सांस ली।

 

LIVE TV