अहमदाबाद। ढांढुका पुलिस स्टेशन में एक अनोखा मामला दर्ज हुआ है। 29 साल की महिला ने अपने पति पर रेप का आरोप लगाया है। हैरानी की बात तो ये है की महिला के 4 बच्चे हैं और उसने ये शिकायत पुलिस के पास 16 साल बाद दर्ज करायी है। महिला के मुताबिक उसके पति ने उसके साथ साल 2001 में रेप किया था, जब वह 13 साल की थी। रेप की शिकायत के बाद पुलिस ने उसके पति को अरेस्ट कर जेल भेज दिया। साथ ही कोर्ट ने भी आरोपी की जमानत याचिका नामंजूर कर दी है।
कोर्ट ने मुताबिक, इस छोटी उम्र में अगर आपसी सहमति से भी दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने हैं, तब भी अपराध गंभीर है।
महिला के मुताबिक, जब वो 13 साल की थी तब आरोपी उसे गांव के पास लगे एक मेले में घुमाने के बहाने से ले गया। जहां आरोपी ने उसको पेप्सी पिलाई जिसे पीने के बाद वह बेहोश हो गई। आंखे खुलने पर उसने खुद को एक ट्रेन में पाया। आरोपी उसको ढांढुका ले आया था जहां उसके साथ रेप किया गया।
महिला ने यह भी बताया कि, उसका पति उसे किसी से बात नहीं करने देता। साल 2001 में पति किसी और लड़की के चक्कर में पड़ गया। जिसके बाद वो पति का घर छोड़ पिता के घर लौट आई।
उसके घर में उसके बच्चों को स्वीकार नहीं किया गया तो जीवनयापन के लिए उसने राजकोट में किराए पर एक कमरा लिया और घरेलू सहायक की तरह घरों में काम करने लगी।
अपनी शिकायत में पीड़ित महिला ने यह भी बताया कि, उसके मालिक ने पति के खिलाफ शिकायत करने के लिए कहा क्योंकि उसकी वजह से उसकी जिंदगी बर्बाद हो गई है।