पांच लाख में बना ईसाई, मुफ्त में हिन्दू बनने को तैयार नहीं
मेरठ| विकास नामक युवक के धर्म परिवर्तन करने को लेकर मंगलवार को खूब हंगामा हुआ। विकास से विक्टर बने युवक का फिलहाल कोई पता नहीं चल सका है| वहीँ, कई संगठन विकास को वापस हिन्दू धर्म में लाने को जुट गये हैं| संगठनों ने मंगलवार की सुबह विक्टर के घर के सामने आमरण अनशन शुरू कर दिया। इस पर उसके परिजनों ने पुलिस को बुला लिया| अनशन कर रहे कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
धर्म परिवर्तन कर बना ईसाई
शास्त्रीनगर में रहने वाला विकास कुछ समय पहले ईसाई बन गया। उसने अपना नाम विक्टर रख लिया। इस बात का पता चलने पर पिछली रविवार को हदू स्वाभिमान संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित भारद्वाज और अन्य कार्यकर्ताओं ने विकास उर्फ विक्टर को घेर लिया था।
उसके थैले से बाइबिल व ईसाई धर्म से संबंधित अन्य किताबें मिली थीं। उसने उस समय स्वीकार किया था कि पांच लाख रुपये लेकर अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन किया है। विक्टर के परिजनों से हिन्दू स्वाभिमान संस्था के पदाधिकारियों ने बातचीत की थी।
तय हुआ था कि हवन-पूजन के बाद उसकी दोबारा हिन्दू धर्म में वापसी कराई जाएगी। लेकिन रविवार रात को ही विक्टर गायब हो गया।
इधर, हिन्दू धर्म में उसकी वापसी कराने को बेचैन उक्त संस्था के सदस्य हाथ-पांव मारते रहे। मंगलवार को अमित भारद्वाज और उनके साथी विक्टर के घर के सामने आमरण अनशन पर बैठ गए। इस पर खफा हुए उसके परिजनों ने नौचंदी थाने में तहरीर दे दी। पुलिस ने अमित भारद्वाज को साथियों समेत हिरासत में ले लिया और थाने ले आए।
फिलहाल पुलिस ने संगठन के लोगों को चेतावनी दे कर छोड़ दिया है| पुलिस का संगठन से कहना था कि विक्टर के घर के सामने कोई हंगामा न किया जाये अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।