आशा करता हूं मोदी अब सरकारें नहीं गिराएंगे
नई दिल्ली: उत्तराखंड में कांग्रेस पार्टी की जीत के संकेत के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर मंगलवार को निशाना साधा है।
उत्तराखंड में कांग्रेस के साथ केजरीवाल
केजरीवाल ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के विधानसभा में विश्वास मत जीतने की खबरें आने के बाद प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया। केजरीवाल ने कहा, “उत्तराखंड विधानसभा के शक्ति परीक्षण का परिणाम मोदी सरकार के लिए एक बड़ा धक्का है। आशा है अब वह सरकारें गिराना बंद कर देंगे।”
उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार को केंद्र सरकार ने कुशासन का हवाला देते हुए बर्खास्त कर दिया था। वहां गत 27 मार्च से ही राष्ट्रपति शासन लागू है। विधानसभा में शक्ति परीक्षण के लिए मंगलवार सुबह 11 बजे से अपराह्न् एक बजे तक के लिए राष्ट्रपति शासन हटाया गया था।
72 विधायकों वाली उत्तराखंड विधानसभा के नौ बागी कांग्रेसी विधायकों के शक्ति परीक्षण में भाग लेने पर सर्वोच्च न्यायालय ने रोक लगा दी है। इस तरह सदन की क्षमता 62 सदस्यों वाली होकर रह गई है। इसमें एक मनोनीत सदस्य भी शामिल है, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष इसमें शामिल नहीं हैं।
कांग्रेस के 27 सदस्य हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी के 28 हैं। छह विधायक प्रगतिशील लोकतांत्रिक मोर्चा के हैं।