नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी उत्तर प्रदेश में 26 दिन तक चली किसान यात्रा ख़त्म करने के बाद दिल्ली के भैरों मंदिर पहुंचे। यहां राहुल को तय कार्यक्रम के अनुसार किसानों से मुलाक़ात करनी थी। इसी दौरान हरियाणा प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर और यहां के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समर्थकों के बीच भिडंत शुरू हो गयी। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों में लाठियां तक चलने लगीं। इस घटना में अशोक तंवर गंभीर रूप से घायल हो गये।
अशोक तंवर अस्पताल में भर्ती
मौके की नजाकत को देखते हुए तंवर को तुरंत राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। तंवर के हालचाल लेने राहुल गांधी खुद अस्पताल पहुंचे। वहीं, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमिटी इस घटना के बाद तुरंत कांग्रेस मुख्यालय पर धरने पर बैठ गई।
दरअसल कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को यूपी की किसान यात्रा से दिल्ली लौटने के बाद तय कार्यक्रम के मुताबिक, प्रगति मैदान के पास हरियाणा के किसानों से भी मुलाकात करनी थी। यहां पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समर्थकों और कांग्रेस के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर के समर्थकों के बीच नारेबाजी होने लगी। जब अशोक तंवर भाषण दे रहे थे तो हुड्डा समर्थकों ने हूटिंग की। इस बीच, पूर्व सीएम हुड्डा के पर्सनल स्टाफ और कुछ लोगों ने तंवर पर लाठियों से हमला बोल दिया। घायल होते ही तंवर को राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया।
उनके साथ पंजाब की मौजूदा कांग्रेस प्रभारी और हरियाणा की कांग्रेस सचिव रहीं आशा कुमारी, हरियाणा की कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी, कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा भी अस्पताल पहुंचे। देर शाम राहुल गांधी खुद तंवर का हालचाल लेने आरएमएल पहुंचे। उनके साथ दिग्विजय सिंह और मोतीलाल वोरा जैसे सीनियर कांग्रेस नेता भी थे।
ख़बरों के मुताबिक, इस घटना के लिए हरियाणा कांग्रेस की गुटबाजी को सीधे-सीधे जिम्मेदार माना जा सकता है क्योंकि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद लगातार तीखी बयानबाजी सामने आ रही थी। यह भी कहा जा रहा है कि अब हरियाणा में जाट और नॉन जाट माहौल का असर कांग्रेस पार्टी में भी नजर आने लगा है। गुरुवार को कांग्रेस के हजारों समर्थकों के सामने राजधानी में हुई यह घटना इसी का नतीजा है।