विधान परिषद की 12 सीटों के लिए जारी चुनाव प्रक्रिया के तहत भाजपा ने अपने सारे पत्ते खोल दिए हैं, कुल दस नाम आए सामने

उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 12 सीटों के लिए जारी चुनाव प्रक्रिया के तहत भारतीय जनता पार्टी ने अपने सारे पत्ते खोल दिए हैं। पार्टी ने दस सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की है। शनिवार को छह नामों की सूची जारी की है। इसमें कुंवर मानवेंद्र सिंह, गोविंद नारायण शुक्ल, सलिल विश्रोई, अश्वनी त्यागी, धर्मवीर प्रजापति और सुरेंद्र चौधरी का नाम शामिल है।

गोविंद नारायण शुक्ल भाजपा के प्रदेश संगठन में कार्य कर रहे हैं और उनको सदन में भेजे जाने की लंबे समय से चर्चा की जा रही थी। इससे पहले भाजपा ने अपने चार अन्य प्रत्याशियों के नाम का एलान कर रखा है जिसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, पूर्व आईएएस अवनीश शर्मा, लक्ष्मण आचार्य का नाम शामिल है।

भाजपा की ओर से अब कुल दस प्रत्याशियों के नाम सामने आ चुके हैं। ऐसे में उन अटकलों को विराम लगता दिखाई दे रहा है जिसमें कहा जा रहा था कि भाजपा 13वां प्रत्याशी भी मैदान में उतार सकती है लेकिन अब स्पष्ट हो गया है कि भाजपा केवल दस सीटों पर ही चुनाव लड़ेगी। विधान परिषद की 12 सीटों पर चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी की ओर से दो प्रत्याशी पहले ही नामांकन करा चुके हैं।

ऐसे में बहुत मुमकिन है कि विधान परिषद की इन सभी 12 सीटों पर भी चुनाव निर्विरोध ही संपन्न हो जाएं। भाजपा की विधान सभा में जो ताकत है उसके दम पर वह केवल दस सीटों पर ही अपने प्रत्याशियों को जीत दिला सकती है। माना जा रहा है कि भाजपा शायद समाजवादी पार्टी से टकराव करने से बचना चाह रही है इसलिए पूरी कोशिश है कि मतदान की नौबत न आने पाए। इसी को ध्यान में रखकर भाजपा ने अपने दस प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं।

LIVE TV