

दिल्ली और उसके निकटवर्ती इलाकों में मानसून ने अब तक दस्तक नहीं दी है और बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में गर्मी एक बार फिर शहरवासियों को परेशान कर रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केन्द्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने दिन में लू चलने और अधिकतम तापमान के 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया था और इसे सच करते हुए दोपहर 1 बजे दिल्ली-एनसीआर में 41 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया जा रहा है।
मानसून के नदारद रहने के साथ ही सोमवार को दिल्ली में पहली बार इस ग्रीष्मकाल में लू चली और तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस साल का अभी तक का सर्वाधिक तापमान था। लोधी रोड, रिज और पूसा इलाके में भीषण लू चली, जहां तापमान क्रमश: 42.6 डिग्री सेल्सियस, 43.4 डिग्री सेल्सियस और 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री अधिक था। वहीं, नजफगढ़ में तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस, पीतमपुरा में 44.3 डिग्री सेल्सियस और मुंगेशपुर में 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन स्थानों पर भी भीषण लू का प्रकोप था।