मिडल ईस्ट की सबसे बड़ी पार्टी नाव पर होगा हनी सिंह का अगला सॉन्ग, जानिए कब होगा रिलीज़
कई सालों से संगीत की दुनिया से दूरी बनाने के बाद जब हनी सिंह लौटे तो उसी जोश के साथ वापसी की. अपने गानों और रैप से भारत के श्रोताओं के दिलों में अलग जगह बनाने वाले हनी सिंह एक बार फिर एक नया पार्टी सॉन्ग लेकर जल्द आ रहे हैं. टी सीरीज के साथ ‘लोका’ गाने को हल्का-फुल्का नहीं बताया जा रहा है. मेकर्स इस पार्टी साॉन्ग को अबतक का सबसे जबरदस्त गाना मान रहे हैं. ‘गुड़ नाल इश्क मीठा’ की सफलता के बाद अब ‘लोका’ गाने की धुनों पर थिरकने के लिए तैयार हो जाइए.

इसे गाने को दुबई के सुरम्य स्थानों पर शूट किया गया है और यह एकमात्र ऐसा गीत है जिसे प्रसिद्ध गुगू नाव पर फिल्माया गया है। यह मध्य पूर्व की सबसे बड़ी पार्टी नाव है और दुनिया में केवल एक ही है। हनी सिंह ने सिमर कौर के साथ मिलकर न सिर्फ यह गीत गाया है, बल्कि लिल गोलू के साथ-साथ गीत भी लिखा है।
टी-सीरीज के भूषण कुमार द्वारा निर्मित, बॉबी सूरी और हनी सिंह द्वारा सह-निर्मित यह संगीत वीडियो बेन पीटर्स द्वारा निर्देशित है। इसमें यो यो हनी सिंह के विपरीत निकी पिकी भी हैं। यह गाना 3 मार्च, 2020 को टी-सीरीज के यूट्यूब चैनल पर लॉन्च किया जाएगा.
गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व ही हनी सिंह ने अपने इस गाने का एक पोस्टर साझा किया था। पोस्टर में हनी सिंह एक पार्टी वाइब देते हुए सोने की चेन और एक फर कोट पहने दिख रहे हैं। यह पोस्टर 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे के दिन सामने आया था जिसे हनी सिंह की तरफ से उनके फैंस के लिए एक सरप्राइज के तौर पर देखा गया। वह लगातार इंस्टाग्राम पर अपनी विभिन्न तस्वीरें साझा करते हुए इस गाने का प्रमोशन कर रहे हैं। इसके साथ ही हनी सिंह लाइव परफॉर्मेंस में भी व्यस्त हैं।