गणतंत्र दिवस परेड में राजपथ पर दिखेगी अयोध्या की झलक, नजरआएगी राम मंदिर की झांकी

गणतंत्र दिवस में अयोध्या की झलक दिखाने की तैयारी है। इस बार की गणतंत्र दिवस परेड की झांकी में राम की नगरी नजर आएगी। दिल्ली के राजपथ पर होने वाली परेड में अयोध्या के भव्य दीपोत्सव और राम मंदिर पर झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। इसमें देश-दुनिया के लोगों को अयोध्या की पौराणिकता और भारतीय संस्कृति की झलक दिखाई देगी। इस सिलसिले में तैयारियां की जा रही हैं। इसको लेकर अयोध्या वासियों में खुशी की लहर है।

गणतंत्र दिवस पर होने वाली परेड के संबंध में दिल्ली में आयोजित हुई बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से भेजे गए प्रस्ताव की मंजूरी मिल गई है। ‘राम नगरी और उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर’ शीर्षक से झांकी को प्रस्तावित किया गया है।

इस झांकी में प्रभु श्रीराम की धरती पर बन रहे भव्य मंदिर सहित राम नगरी की संस्कृति, परंपरा, कला और दूसरे देशों से अयोध्या और प्रभु राम से संबंधों का चित्रण भी किया जाएगा। इसके साथ ही 2018 से सीएम योगी आदित्यनाथ के शुरू किए गए भव्य दीपोत्सव को दिखाया जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने अयोध्या में 5 अगस्त को किया था राम मंदिर का भूमि पूजन

इस जानकारी की पुष्टि अयोध्या के उप सूचना निदेशक डॉ. मुरलीधर सिंह ने की है। अयोध्या को विश्व पटल पर उभारने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में भव्य दीपोत्सव का आगाज किया। इस आयोजन ने विश्व रेकॉर्ड कायम कर देश-विदेश में राम नगरी और भारतीय संस्कृति की छाप छोड़ दी।

इसके बाद 5 अगस्त को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भव्य राममंदिर निर्माण का भूमि-पूजन किया। इसके जरिए पूरे विश्व को भारतीय संस्कृति का संदेश दिया गया। साथ ही भव्य राम मंदिर का निर्माण शुरू होने का मार्ग प्रशस्त हुआ।

LIVE TV