राजनाथ सिंह ने कहा- एक सैनिक का धर्म होता है, देश और समाज की रक्षा करना

उत्तराखंड में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पौड़ी में स्वतंत्रता सेनानी वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान रक्षामंत्री ने कहा, आज वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली की प्रतिमा का अनावरण हो रहा है, वे कर्म और धर्म दोनों से सैनिक थे और एक सैनिक का धर्म होता है, देश और समाज की रक्षा करना।

रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की यह धरती भारत ही नहीं पूरी दुनिया में ‘देवभूमि’ के नाम से जानी जाती है। मगर यह देवभूमि एक ‘वीरभूमि और तपोभूमि’ भी है, यह हमें कभी नहीं भूलना चाहिए। वैसे तो राज्य का गठन हुए केवल बीस वर्षों का समय ही बीता है। यहां का इतिहास और परम्पराएं सदियों पुरानी हैं। यह गढ़वाल तो ‘वीर बडु का देस है’ ‘बावन गढ़ का देस’ है। हर गढ़ में बहादुरी और पराक्रम के किस्से मशहूर हैं।

बता दें कि शुक्रवार को राजनाथ सिंह ने पीठसैँण (पौड़ी) में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा का अनावरण करने के बाद दीनदयाल उपाध्याय योजना और ‘घस्यारी कल्याण योजना’ के लाभार्थियों को चेक व किट वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय सीमा के आखिरी गांव माणा तक सड़क की ब्लेक टॉपिंग का काम चल रहा है जो जल्द ही पूरा हो जाएगा।

LIVE TV