राजधानी दिल्ली में छपा था UPTET का पेपर, जानें फिर भी एक दिन पहले ही कैसे हुआ आउट?

उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET 2021) के पेपर लीक मामले में एक बड़ी जानकारी सामने आई है। सूत्रों ने बताया कि परीक्षा से एक दिन पहले शनिवार रात को ही यूपीटीईटी का पेपर लीक हो गया था। बताया यह भी जा रहा है कि यह पेपर दिल्ली में छपा था। आशंका जताई जा रही है कि यह कागज कोषागार में जमा होने से पहले ही लीक हो गया था।

मामले की जांच से जुड़े सूत्रों ने बताया कि यह पेपर शनिवार रात 12 बजे ही सॉल्वर गैंग के पास पहुंच गया था। इस बार परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी भी बदली गई ताकि पेपर लीक न हो। हालांकि इसके बावजूद पेपर लीक हो गया।

यूपीटीईटी (UPTET) की परीक्षा रविवार को होनी थी, लेकिन परीक्षा से चंद घंटे पहले ही वॉट्सऐप पर पेपर लीक हो गया था। इसके बाद परीक्षा रद्द कर दी गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट लगाने और उनकी संपत्ति जब्त करने की भी बात कही है।

पेपर लीक मामले में यूपी एसटीएफ अब तक 29 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। प्रयागराज से सबसे ज्यादा 18 गिरफ्तारियां हुई हैं। पेपर लीक का जाल लखनऊ से लेकर मेरठ और प्रयागराज तक फैला हुआ है. पुलिस ने रोशन सिंह पटेल को कौशांबी से जबकि मनीष रवि और धर्मेंद्र को मेरठ से गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, रोशन सिंह ने पहली पाली का पेपर लीक किया जबकि मनीष और धर्मेंद्र ने दूसरी पाली का पेपर लीक किया।

इस मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर छापेमारी भी की जा रही है। इस बीच सचिवालय में ठेके पर काम कर रहे कौशलेंद्र राय की भूमिका भी सामने आई है, जिससे पुलिस पूछताछ कर रही है।

LIVE TV