UP: SP को थप्पड़ मारने वाले विवेक चौधरी को बनाया गया BJP युवा मोर्चा का जिलाध्यक्ष

उत्तर प्रदेश के इटावा में 10 जुलाई को बढ़पुरा ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान पुलिस पर फायरिंग और एसपी सिटी प्रशांत कुमार को थप्पड़ मारने वाले विवेक चौधरी उर्फ संजू को बीजेपी युवा मोर्चा का जिलाध्यक्ष बना दिया गया है। यही नहीं विवेक चौधरी उर्फ संजू उस दौरान पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भी भेजा था। 16 जुलाई को संजू जेल से जमानत पर रिहा हुआ था।

विवेक उर्फ संजू चौधरी को भाजपा ने बनाया युवा मोर्चा का जिलाध्यक्ष.

दरअसल, भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी ने उत्तर प्रदेश के 7 जनपदों में बीजेपी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मनोनीत किए, जिनकी घोषणा 27 अगस्त को की गई। साथ ही संजू चौधरी के मनोनयन का पत्र जारी किया है। साथ ही प्रांशु और संजू की तस्वीर भी जारी की गई है। युवा मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनने के बाद संजू की जोरदार स्वागत की तैयारी शुरू हो गई है। अब आरोप लग रहे हैं कि विवेक चौधरी उर्फ संजू बढ़पुरा ब्लॉक प्रमुख चुनाव में बवाल, फायरिंग में शामिल थे। पुलिस ने 13 जुलाई को उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा था और भारतीय जनता पार्टी ने इनाम के तौर पर उन्हें बीजेपी युवा मोर्चा का जिलाध्यक्ष बना दिया है।

बता दें कि 10 जुलाई को ब्लॉक प्रमुख का मतदान हुआ था, बढ़पुरा ब्लॉक में मतदान चल रहा था। वहां ड्यूटी पर तैनात एसपी सीटी प्रशांत कुमार प्रसाद को भाजपा नेता विमल भदौरिया एवं उनके सहयोगियों के द्वारा एसपी को थप्पड़ मारने और बवाल होने की सूचना आई। इसके बाद पुलिस ने 11 जुलाई को बढ़पुरा थाने में मुकदमा दर्ज किया था। इस केस में भारतीय जनता पार्टी के नेता विमल भदौरिया सहित अज्ञात 100 से अधिक लोगों पर केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने दबिश देनी शुरू की और 13 जुलाई को दो लोगों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार किए गए लोगों में विवेक चौधरी उर्फ संजू चौधरी पुत्र अनिल कुमार भी शामिल थे। उनके साथ श्याम सिंह भदौरिया पुत्र दीपू सिंह भदौरिया को भी गिरफ्तार किया गया था।

उधर समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष गोपाल यादव का कहना है कि बीजेपी अपराध मुक्त प्रदेश का दावा करती है, लेकिन एसपी को थप्पड़ मारने वाले एक अपराधी को युवा मोर्चा का अध्यक्ष बना कर सम्मान देती है। बीजेपी का यह दोहरा चरित्र किसी से छिपा नहीं है। इससे साफ है कि बीजेपी का अपराध मुक्त नारा केवल विरोधियों के खिलाफ अभियान का ही हिस्सा है। काग्रेंस के पूर्व जिलाध्यक्ष उदयभान सिंह यादव भी भाजयुमो अध्यक्ष की ताजपोशी पर सवाल उठाते हुए कहा कि बीजेपी स्वच्छ राजनीति की बात करती है, लेकिन जिस तरह से एसपी को थप्पड़ मारने वाले को अध्यक्ष बनाया गया है, उससे साफ है कि बीजेपी कहती कुछ है और करती कुछ है।

LIVE TV