ओवैसी बोले- अगर हमारा गठबंधन सत्ता में आता है तो होंगे 2 मुख्यमंत्री, जानें और क्या कहा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भागीदारी परिवर्तन मोर्चा की ओर से शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी, जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा और BAMCEF(बैकवर्ड एंड माइनॉरिटी कम्युनिटी एंप्लाई फेडरेशन), भारत मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष वामन मेश्राम मौजूद रहे। जिसमें ओवैसी ने उत्तर प्रदेश में बाबू सिंह कुशवाहा और भारत मुक्ति मोर्चा के साथ गठबंधन की घोषणा की है।

गठबंधन का ऐलान कर असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि अगर हमारा गठबंधन सत्ता में आता है तो 2 मुख्यमंत्री होंगे, एक OBC समुदाय से और दूसरा दलित समुदाय से होगा। इसी के साथ 3 उप मुख्यमंत्री होंगे।

वहीं, बाबू सिंह कुशवाहा ने कहा कि कुछ साथी अभी और भी हमारे संपर्क में हैं। जल्द ही उन्हें ने भी मौर्चा में लाया जाएगा। हम लोग संविधान को मानने वाले लोग हैं और हमारी वही विचारधारा है जो संविधान की मंशा है। इस दौरान नई शिक्षा नीति को लेकर कहा गया कि जब वह जमीन पर उतरेगी तभी समझ में आएगा कि वह हित में है या अहित में।

वामन मेश्राम ने कहा कि इस गठबंधन के ऐलान के बाद बीजेपी और समाजवादी के बीच में जो लड़ाई हो रही है वह अब बीजेपी और भागीदारी परिवर्तन मोर्चा के बीच होगी। समाजवादी गठबंधन अब तीसरे नंबर पर चला जाएगा।

बता दें कि ओवैसी की पार्टी ने डा. महताब को लोनी, (गाजियाबाद) फुरकान चौधरी को गढ़ मुक्तेश्वर(हापुड़), हाजी आरिफ को धौलोना (हापुड़), रफत खान को सिवाल खास (मेरठ), जीशान आलम को सरधाना (मेरठ), तस्लीम अहम को किठोर (मेरठ), अमजद अली को बेहट (सहारनपुर), शाहीन रजा खान को बरेली (बरेली) मरगूब हसन को सहारनपुर देहात (सहारनपुर) विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया है।

LIVE TV