Twitter की बड़ी कार्रवाई , राहुल गांधी के बाद अब कांग्रेस का ऑफिश्यल अकाउंट लॉक, जानें वजह

ट्विटर इंडिया (Twitter India) कांग्रेस पार्टी का ऑफिश्यल ट्विटर अकाउंट लॉक कर दिया है। यह दावा खुद कांग्रेस ने किया है। ट्विटर इंडिया का कहना है कि कांग्रेस ने ट्विटर के नियमों का उल्लंघन किया है, इसलिए उनका अकाउंट अस्थाई रूप से लॉक किया जा रहा है। बता दें कि इससे पहले भी कांग्रेस के कई नेताओं के अकाउंट पर कार्रवाई की जा चुकी है। अभी चार दिन पहले ही कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का भी अकाउंट लॉक हुआ था। राहुल गांधी का ट्विटर अकाउंट अभी भी लॉक है।

कांग्रेस के सोशल मीडिया प्रमुख रोहन गुप्ता का कहना है कि ट्विटर सरकार के दबाव में काम कर रहा है। इसने भारत में हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं के 5,000 खातों को पहले ही ब्लॉक कर दिया है। उन्हें यह समझने की जरूरत है कि ट्विटर या सरकार द्वारा हम पर दबाव नहीं डाला जा सकता।

Twitter का बड़ा कदम, राहुल गांधी के हैंडल लॉक के 4 दिन बाद कांग्रेस पार्टी के अकाउंट को भी किया गया लॉक

कांग्रेस का कहना है कि बुधवार देर रात रणदीप सुरजेवाला समेत पांच वरिष्ठ नेताओं के अकाउंट के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की गयी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन, लोकसभा में पार्टी के सचेतक मनिकम टैगोर, असम प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव के ट्विटर अकाउंट भी निलंबित हैं।

यह भी पढ़ें-यूपी चुनाव को लेकर कांग्रेस का बड़ा फैसला, BJP को पड़ सकता है भारी

बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पिछले हफ्ते दिल्ली में कथित बलात्कार और हत्या की शिकार नौ वर्षीय बच्ची के परिवार के साथ की तस्वीरें ट्वीट की थीं। जिसका भाजपा ने काफी विरोध किया था। साथ ही राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने राहुल गांधी के ट्वीट को संज्ञान में लिया था और ट्विटर को नाबालिग पीड़िता की निजता का उल्लंघन करने के लिए कांग्रेस नेता के अकाउंट के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया था।

LIVE TV