असम में बाढ़ ने मचाई तबाही, परीक्षाएं की गईं स्थगित जानें ताजा अपडेट

Assam Flood: असम में आई बाढ़ ने तबाही मचा ही रखी है जिससे पड़ोसी राज्य भी प्रभावित हो रहे हैं | त्रिपुरा में पेट्रोल और डीजल की किल्लत होने लगी है और इसके भाव आसमान छू रहे हैं | त्रिपुरा में एनएस 44 पर लंबा जाम लगा हुआ है जिसकी वजह से राज्य में पेट्रोल और डीजल की किल्लत हो गई है |

जानकारी के मुताबिक, असम में 4 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं | 24 घंटों में ही यहां प्रभावितों की संख्या दोगुनी हो चुकी है | लगातार बारिश के कारण हुए भूस्खलन से असम के बराक घाटी और दीमा हसाओ जिले और पड़ोसी राज्यों त्रिपुरा, मिजोरम और मणिपुर से रेल और सड़क संपर्क टूट गया है |

बारिश की चेतावनी जारी

क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र, गुवाहाटी ने बुधवार तक असम में “बहुत भारी” बारिश और अगले पांच दिनों तक पूरे राज्य में व्यापक बारिश की चेतावनी जारी की है | कई प्रभावित क्षेत्रों के करीब 1 हजार राहत शिविरों में एक लाख के आसपास लोगों ने शरण ली है | सोमवार से 11 तटबंध टूट गए हैं, जबकि छह अन्य प्रभावित हुए हैं, इसके अलावा घरों, सड़कों, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है |
वहीं असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि उन्होंने अपने मेघालय समकक्ष के साथ मार्ग को मंजूरी देने का मामला उठाया है | सरमा ने ट्वीट किया: “मेघालय में बड़े पैमाने पर भूस्खलन के मद्देनजर, बराक घाटी में यात्रियों और माल ढोने वाले भारी वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है | मैंने मुख्यमंत्री संगमा कोनराड से अनुरोध किया है कि कृपया हस्तक्षेप करें और सहायता प्रदान करें | उन्होंने हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है.”

रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे सुरक्षाबल

बाढ़ और भूस्खलन से मची इस तबाही के बीच भारतीय सुरक्षाबलों के जवान लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हैं | सेना और असम राइफल्स ने कछार के कई हिस्सों में बाढ़ बचाव अभियान के लिए दो कॉलम शुरू किए हैं | असम राइफल्स की श्रीकोना बटालियन के दोनों पक्षों और सेना के जवानों ने कुल लगभग 500 ग्रामीणों को बचाया और देर शाम तक बचाव के प्रयास जारी थे |

परीक्षाएं की गईं स्थगित

असम में बुधवार से शुरू होने वाली हायर सेकेंडरी फर्स्ट ईयर की परीक्षाएं बाढ़ और पिछले कुछ दिनों में भारी बारिश से हुई व्यापक क्षति के कारण आंशिक रूप से स्थगित कर दी गई हैं | अरुणाचल प्रदेश में, कई क्षेत्रों में भूस्खलन से सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं जिससे वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ है | असम के ईटानगर से गोहपुर और लोअर सुबनसिरी जिले के जीरो से पोटिन होते हुए सड़कें मिट्टी के खिसकने के कारण अवरुद्ध हो गईं | वहीं अधिकारियों ने बताया कि, यहां ईटानगर-बंदरदेवा एनएच-415, ईटानगर गोम्पा और आरडब्ल्यूडी कॉलोनी के साथ करसिंगसा ब्लॉक प्वाइंट से भी भूस्खलन की खबर है | उधर त्रिपुरा ने प्रति व्यक्ति द्वारा पेट्रोल या डीज़ल खरीदने की मात्रा को नियंत्रित कर दिया है|

LIVE TV