
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार में चल रहे चक्काजाम के दौरान केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन हर स्तर पर मतदाताओं की आवाज बनेगा और लोकतंत्र की रक्षा के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

तेजस्वी ने आरोप लगाया कि भारत निर्वाचन आयोग का विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान 2025 अव्यवस्था, अराजकता और असंवैधानिक कार्यप्रणाली का परिचायक है, जो लोकतंत्र के लिए खतरा है। उन्होंने कहा, “हम तानाशाही के खिलाफ चक्काजाम कर रहे हैं और बिहार के लोकतंत्र को अपवित्र नहीं होने देंगे।”
बिहार में विपक्षी दलों का विरोध प्रदर्शन जोरों पर है। इंडिया गठबंधन के सातों दलों के साथ-साथ सांसद पप्पू यादव और उनके समर्थक भी चक्काजाम में शामिल हैं। राज्य के सभी प्रमुख शहरों में चक्काजाम का व्यापक असर देखा जा रहा है, जिससे यातायात और जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रदर्शनकारी मतदाता पुनरीक्षण अभियान को गरीब और वंचित वर्गों के खिलाफ बताते हुए केंद्र सरकार पर उनकी राजनीतिक आवाज दबाने का आरोप लगा रहे हैं।