
देश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भूस्खलन से सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं और कई लोगों की जान चली गई है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में जलभराव के कारण हालात गंभीर हैं। सेना और एनडीआरएफ राहत और बचाव कार्यों में दिन-रात जुटी हुई हैं।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) की सितंबर के लिए भारी बारिश की चेतावनी सच साबित हो रही है। उत्तर भारत में बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। आइए जानें आज देशभर में मौसम का हाल और कहां कैसी स्थिति है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर भारत में और बारिश की चेतावनी दी है। जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश और पंजाब में भी भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आज भारी बारिश की संभावना है। अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
स्कूल-कॉलेज बंद
भारी बारिश और बाढ़ की चेतावनी के चलते कई राज्यों में स्कूल और कॉलेज बंद किए गए हैं। नोएडा, गाजियाबाद, चंडीगढ़, शिमला और जम्मू-कश्मीर में आज शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे। उत्तराखंड के देहरादून, चंपावत, नैनीताल और उधम सिंह नगर जैसे जिलों में भी स्कूल बंद हैं। हिमाचल प्रदेश के शिमला, सोलन, सिरमौर, कांगड़ा, बिलासपुर और कुल्लू में भी छुट्टी घोषित की गई है।
भारत की पाकिस्तान को चेतावनी
उत्तरी राज्यों में नदियों का जलस्तर बढ़ने के कारण भारत ने पाकिस्तान को सतलुज और तवी नदियों में बाढ़ की संभावना को लेकर अलर्ट जारी किया है। पिछले हफ्ते तवी नदी में बाढ़ की आशंका को लेकर तीन चेतावनियां दी गई थीं। पंजाब में सतलुज, ब्यास और रावी नदियां उफान पर हैं, और जलाशयों से अतिरिक्त पानी छोड़े जाने से स्थिति और गंभीर हो सकती है।
कहां कैसा है मौसम
जम्मू-कश्मीर: ऑरेंज अलर्ट के साथ अगले सात दिन हल्की से मध्यम बारिश की संभावना। अनंतनाग, डोडा, कठुआ, किश्तवाड़, कुलगाम, पुंछ, रामबन, रियासी और उधमपुर में मध्यम से उच्च बाढ़ का खतरा। भारी बारिश से भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कई सड़कें अवरुद्ध हैं।
पंजाब: बारिश और बाढ़ से 30 लोगों की मौत, 3.5 लाख लोग प्रभावित। गुरदासपुर (324 गांव), अमृतसर (135 गांव) और होशियारपुर (119 गांव) सबसे ज्यादा प्रभावित। एनडीआरएफ और सेना राहत कार्यों में जुटी है। 3 सितंबर को भारी बारिश का रेड अलर्ट, पूरे हफ्ते हल्की से मध्यम बारिश की संभावना।
हिमाचल प्रदेश: मंडी के सुंदरनगर में भूस्खलन से छह लोगों की मौत। कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और किन्नौर में ऑरेंज अलर्ट, ऊना और बिलासपुर में येलो अलर्ट। 8 सितंबर तक मौसम खराब रहेगा। 1,337 सड़कें बंद, जिनमें मंडी (282), शिमला (255), चंबा (239) और कुल्लू (205) शामिल हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग 3, 5, 305 और 707 भी अवरुद्ध।
दिल्ली-एनसीआर: यमुना नदी खतरे के निशान (206.03 मीटर) से ऊपर। पुराने रेलवे पुल पर यातायात बंद। कश्मीरी गेट, वासुदेव घाट और यमुना बाजार से लोगों को निकाला गया। 5 सितंबर तक हल्की से भारी बारिश का अनुमान।
उत्तराखंड: देहरादून, नैनीताल, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में भारी बारिश का रेड अलर्ट। गंगा, मंदाकिनी, अलकनंदा और गौला नदियां उफान पर। हल्द्वानी में गौला नदी खतरे के निशान से 20 सेमी ऊपर।
उत्तर प्रदेश: पूर्वी यूपी में 8 सितंबर तक, पश्चिमी यूपी में 3 सितंबर को भारी बारिश। गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में स्कूल बंद। अगले सात दिन हल्की से मध्यम बारिश की संभावना।
राजस्थान: 3 से 5 सितंबर तक भारी बारिश की चेतावनी। दौसा में 177 मिमी बारिश से नहरें उफान पर। पश्चिमी राजस्थान में 4 से 6 सितंबर तक भारी वर्षा।
हरियाणा: 5 सितंबर तक भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना। 31 अगस्त तक 465.7 मिमी बारिश, जो सामान्य से 32% अधिक। गुरुग्राम और सोहना में जलभराव से स्थिति खराब।
ओडिशा: अगले चार दिन बारिश का अलर्ट। भुवनेश्वर में नौ घंटे में 45 मिमी बारिश। मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी।
बारिश के कारण
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की द्रोणिका, बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव क्षेत्र, हरियाणा और कश्मीर में चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत में भारी बारिश हो रही है। ये मौसमी प्रणालियां मानसूनी हवाओं के साथ मिलकर तीव्र वर्षा का कारण बन रही हैं।