
कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत विपक्ष के अन्य नेता कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। राहुल गांधी ने कहा कि आज सभी विपक्षी पार्टियों ने काले कानूनों को हटाने के लिए अपना पूरा समर्थन दिया। हम संसद में पेगासस की बात करना चाहते हैं, वहां पर वो पेगासस की बात नहीं होने दे रहे हैं। नरेंद्र मोदी हर हिन्दुस्तानी के फोन के अंदर घुस गए हैं।

बता दें कि कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में आज करीब 14 विपक्षी दलों के नेता जंतर मंतर पहुंचे। इसमें कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी शामिल हुए। वहीं, सांसद सेव फार्मस, सेव इंडिया के नारे लगाए गए। राहुल गांधी समेत जंतर मंतर पर विपक्षी दलों के नेता किसानों के हक में आवाज बुलंद कर रहे हैं। विपक्षी दलों के इस प्रदर्शन में कांग्रेस, एनसीपी, शिवसेना, समाजवादी पार्टी, डीएमके, आरजेडी समेत वाम दलों के नेता शामिल हैं। हालांकि, आम आदमी पार्टी, टीएमसी और बीएसपी इसमें शामिल नहीं है।