यूपी में अक्टूबर की उमस भरी गर्मी बरकरार, दिन में राहत नहीं; रात में 3-4 डिग्री तापमान गिरेगा, 29 अक्टूबर से बारिश की संभावना

अक्टूबर का तीसरा सप्ताह चल रहा है, लेकिन उत्तर प्रदेश में दिन की उमस भरी गर्मी से अभी राहत नहीं मिली है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले तीन से चार दिनों तक दिन में गर्मी और उमस का असर बना रहेगा।

हालांकि रात के न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है, जिससे रातें ठंडी हो सकती हैं। बृहस्पतिवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री अधिक 23.5 डिग्री दर्ज किया गया। हवा में नमी की अधिकता के कारण दिन में उमस ने लोगों को परेशान किया, वहीं रात में हल्की सिहरन महसूस हुई।

प्रदेश में मौसम में बदलाव की आहट दिख रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 अक्टूबर से पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती परिसंचरण और निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय हो रहा है। इसके असर से 29 अक्टूबर से वाराणसी सहित पूर्वी और दक्षिणी जिलों में बारिश की संभावना है। अगले तीन-चार दिनों में दिन के तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन पूर्वा हवाओं के मद्धिम पड़ने से रात के तापमान में 3 से 4 डिग्री की कमी आएगी। रेडिएटिव कूलिंग की वजह से यह गिरावट होगी।

बृहस्पतिवार को तराई क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही रही, लेकिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप खिली और दिन में गर्माहट बनी रही। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में रातें ठंडी होने लगेंगी, लेकिन दिन में अभी गर्मी का असर बना रहेगा।

LIVE TV