
कांग्रेस आलाकमान ने उत्तर प्रदेश में संगठन को नया रूप देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अविनाश पांडे को यूपी कांग्रेस प्रभारी के पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। उनकी जगह दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री और हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए राजेंद्र पाल गौतम को नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
राजेंद्र पाल गौतम आम आदमी पार्टी में समाज कल्याण मंत्री रह चुके हैं और हाल ही में मायावती से ‘बिना बुलाए’ मुलाकात कर चर्चा में आए थे। कांग्रेस ने उन्हें यूपी का प्रभारी बनाकर एक बड़ा सियासी दांव खेला है।
राजनीतिक विश्लेषक मान रहे हैं कि गौतम की नियुक्ति से यूपी कांग्रेस में आंतरिक कलह बढ़ सकती है। मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के साथ उनका तालमेल पहले से ही अच्छा नहीं माना जाता है। ऐसे में नए प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष के बीच तालमेल कैसे बनेगा, यह आने वाले समय में पार्टी के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकता है।



