उत्तर प्रदेशएटा

एटा में भीषण सड़क हादसा: गेहूं से लदी मैक्स पिकअप पलटने से बाइक सवार दो युवा मजदूरों की मौत, चकोरी प्लांट में काम करने जा रहे थे दोनों

उत्तर प्रदेश के एटा जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंजडुंडवारा रोड पर गांव रामनगर के पास गेहूं से भरी एक मैक्स पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दौरान वहां से गुजर रहे बाइक सवार दो मजदूर वाहन की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना बागवाला क्षेत्र के गांव अहमदाबाद निवासी प्रेमपाल के पुत्र रोहित उर्फ बंटी (20) और सतेंद्र के पुत्र अजय (20) बुधवार देर रात बाइक से चकोरी प्लांट में काम करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गांव रामनगर के समीप गेहूं से लदी मैक्स पिकअप अचानक पलट गई और दोनों युवक उसके नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को बाहर निकालकर एटा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कोतवाली देहात प्रभारी केके लोधी ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

मृतक रोहित चार भाइयों और एक बहन में तीसरे नंबर पर था। उसके बड़े भाई धर्मवीर और बॉबी विवाहित हैं और मजदूरी करते हैं। वहीं, अजय तीन भाइयों और दो बहनों में मझला था, जिसका परिवार खेती और मजदूरी कर जीवनयापन करता है। रोहित और अजय दोनों ही मजदूरी कर अपने-अपने परिवार की आजीविका में हाथ बंटाते थे। दोनों होनहार युवकों की असमय मौत से अहमदाबाद गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Back to top button