
भारतीय क्रिकेट टीम के चर्चित बल्लेबाज रिंकू सिंह और मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज जल्द ही विवाह के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों की शादी की तारीख तय हो गई है और आगामी 4 दिसंबर को राजधानी लखनऊ के होटल रमाडा में भव्य विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा।
शादी से जुड़ी पारंपरिक रस्में 3 दिसंबर से मेहंदी और पूजा के साथ शुरू होंगी। इस हाई-प्रोफाइल समारोह में राजनीति, क्रिकेट और फिल्म जगत की कई दिग्गज हस्तियों समेत करीब 2,000 मेहमानों को आमंत्रित किया गया है।
इस भव्य आयोजन के लिए तैयार की गई अतिथि सूची बेहद खास है। शादी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को आमंत्रित किया गया है।
बताया जा रहा है कि प्रिया सरोज ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के माध्यम से राहुल गांधी तक शादी का निमंत्रण पहुंचाया है, जबकि अखिलेश यादव अपनी पत्नी डिंपल यादव और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ समारोह में शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा करीब 8 से 10 केंद्रीय मंत्रियों और 90 सांसदों-विधायकों को भी न्योता भेजा गया है।
सिनेमा और खेल जगत से भी कई बड़े नाम इस जश्न का हिस्सा बन सकते हैं। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान को शादी का विशेष निमंत्रण भेजा गया है। वहीं, क्रिकेट जगत से भुवनेश्वर कुमार, सुरेश रैना और कुलदीप यादव सहित कई अन्य खिलाड़ियों को भी आमंत्रित किया गया है।
शादी के लिए प्रिया सरोज ने अपने ब्राइडल लुक की विशेष तैयारी की है। उन्होंने लखनऊ से अपने वेडिंग आउटफिट्स का कलेक्शन तैयार कराया है, जिसमें पारंपरिक बनारसी साड़ियां भी शामिल हैं। खास बात यह है कि जयमाल की रस्म के दौरान प्रिया सरोज अपने संसदीय क्षेत्र के पिंडरा के स्थानीय बाजार की ज्वेलरी पहनेंगी।
समारोह में पहुंचने वाले करीब दो हजार मेहमानों के स्वागत के लिए भी खास इंतजाम किए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, शादी का पूरा मेन्यू शुद्ध शाकाहारी रखा गया है, जिसमें वेलकम सूप से लेकर विभिन्न प्रकार के व्यंजन और खास डेजर्ट परोसे जाएंगे।



