
संतकबीरनगर: उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले के धनघटा थाना क्षेत्र अंतर्गत डेबरी गांव में एक बेहद अनोखी और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी के प्रेम-प्रसंग से तंग आकर उसकी खुशी के लिए उसकी शादी उसके प्रेमी के साथ करवा दी।
डेबरी गांव के बुद्धिराम निषाद की शादी करीब 21 साल पहले फूलमती से हुई थी। दोनों के पांच बच्चे हैं। कुछ समय पहले फूलमती का झुकाव गांव के युवक अवधेश की तरफ हो गया था। करीब दो महीने पहले वह पति और बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ चली भी गई थी।
परिजनों के समझाने पर जब वह वापस लौटी, तो आए दिन होने वाले झगड़ों से परेशान पति बुद्धिराम ने एक हैरान करने वाला फैसला लिया। उन्होंने ग्रामीणों और परिवार के लोगों की मौजूदगी में अशरफपुर स्थित शिव मंदिर में अपनी पत्नी फूलमती की शादी उसके प्रेमी अवधेश के साथ करा दी और हंसते-हंसते उसे विदा भी कर दिया।
पति बुद्धिराम का कहना है कि जब पत्नी का मन उनके साथ नहीं लग रहा था और वह दूसरे युवक से प्रेम करती थी, तो उन्होंने उसकी खुशी के लिए यह रास्ता चुना। इस अनोखे फैसले की पूरे इलाके और सोशल मीडिया पर चर्चा जोरों पर है।


