ये खूबसूरत एक्‍ट्रेस है मिथुन दा की होने वाली बहू, इस दिन घोड़ी चढ़ेंगे महाक्षय

मुंबई। बॉलीवुड के डिस्‍को डांसर किंग मिथुन चक्रवर्ती के घर ढोल नगाड़े बजने वाले हैं। मिथुन दा की फैमिली में जल्‍द ही नए सदस्‍य की एंट्री होने वाली है। उनके घर आने वाली ये नई सदस्‍य उनकी बहू  होंगी। मिथुन के बेटे महाक्षय चक्रवर्ती की शादी तय हो गई है।

महाक्षय चक्रवर्ती की शादी

मिथुन की होने वाली बहू खुद भी एक एक्‍ट्रेस हैं। न केवल बहू बल्कि बहू का घराना भी फिल्मी दुनिया से जुड़ा हुआ है। मिथुन के बेटे महाक्षय चक्रवर्ती की शादी मदालसा से हो रही है। मदालसा कॉलीवुड, टॉलीवुड और पॉलीवुड से लेकर बॉलीवुड तक में काम कर चुकी हैं।

मदालसा की मां भी बॉलीवुड की जानी मानी अदाकारा रह चुकी हैं। मिथुन की होने वाली बहू बॉलीवुड एक्‍ट्रेस शीला शर्मा की बेटी है। मदालसा के पिता फिल्‍मी दुनिया से ही हैं। उनके पिता सुभाष शर्मा पेशे से डायरेक्‍टर हैं।

मदालसा की मां शीला राजी ने श्री प्रोडक्शन की फिल्‍म नदिया के पार में रज्‍जो का किरदार अदा किया था। इसके अलावा वह छोटे पर्दे पर भी नजर आ चुकी हैं। आखिरी बार वह एंड टीवी के शो ‘दिल्‍ली वाली ठाकुर गर्ल्‍स’ में भू देवी के किरदार में नजर आई थीं।

खबरों के मुताबिक महाक्षय (मिमोह) और मदालसा की शादी अगले महीने 7 जुलाई को तय हुई है।

बता दें, महाक्षय भी पेशे से एक्‍टर हैं। उन्‍होंने कई फिल्‍मों में अपनी किस्‍मत आजमाई है हालांकि बॉक्‍स ऑफिस पर उनकी कोई भी फिल्म सफल नहीं हो पाई। बॉलीवुड में उन्‍होंने फिल्‍म जिम्‍मी से अपने करियर की शुरुआत की थी। फिल्‍म के असफल होने के बाद उन्‍होंने बंगाली फिल्‍म इंडस्‍ट्री में भी ट्राई किया। लेकिन वहां भी उन्‍हें असफलता ही हाथ लगी।

यह भी पढ़ें: ‘काला’ पर कलह, कर्नाटक मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने दी थलाइवा को सलाह

वहीं मदालसा अलग अलग भाषाओं की फिल्‍मों के साथ कुछ बॉलीवुड फिल्‍म भी कर चुकी है। बॉलीवुड में वह फिल्‍म ‘एंजेल’ और ‘सम्राट एंड कंपनी’ में काम किया है। साल 2014 में आई ‘सम्राट एंड कंपनी’ में मदालसा के अपोजिट राजीव खंडेलवाल थे।

 

 

 

LIVE TV