
चक्रवात मोंथा के प्रभाव से पिछले दो-तीन दिनों से जारी रिमझिम बारिश का दौर शनिवार से थम जाएगा। बादलों की सक्रियता घटने के साथ धूप खिलेगी और दिन का अधिकतम तापमान बढ़ने लगेगा। हालांकि रातें धीरे-धीरे सर्द होने लगेंगी।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी संभव है जबकि न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट आएगी। इससे रात और सुबह में हल्की धुंध भी छा सकती है। शुक्रवार को दिन का तापमान 1.7 डिग्री बढ़कर 25.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री गिरकर 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
बारिश के बाद लखनऊ की हवा की गुणवत्ता में जबरदस्त सुधार हुआ है। शुक्रवार को शहर का औसत एक्यूआई 50 से नीचे आ गया। गोमती नगर में 36 सूचकांक के साथ गहरा हरा जोन दर्ज हुआ जो सबसे बेहतर है। अन्य स्टेशन जैसे कुकरैल 40, बीबीएयू 54, तालकटोरा 56 और अलीगंज 61 पर हरा जोन रहा। यह सेहत के लिए अच्छा संकेत है।





