LIVE: देश के नाम पीएम मोदी का संबोधन, कहा- वैक्सीन हमारा कवच है!

देश में कोरोना महामारी का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। संक्रमण से अब तक लाखों की संख्या में लोग प्रभावित हो चुके हैं वहीं हजारों की संख्या में लोग अपनी जानें गवा चुके हैं। कोरोना वायरस की दूसरी लहर देश के लिए किसी काल से कम नहीं है। इसी बीच देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के नाम अपना संबोधन दे रहे हैं। पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जनता को संबोधित कर रहे हैं। जानकारी के लिए आपको बता दें कि बीते 15 महीनों में पीएम मोदी का यह 9वां संबोधन है। आइए जानते हैं पीएम मोदी के संबोधन से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण बातें-

• पीएम मोदी ने कहा कि, “बीते सौ वर्षों में आई ये सबसे बड़ी महामारी है, त्रासदी है। इस तरह की महामारी आधुनिक विश्व ने न देखी थी, न अनुभव की थी। इतनी बड़ी वैश्विक महामारी से हमारा देश कई मोर्चों पर एक साथ लड़ा है।”

• उन्होंने कहा कि, “सेकेंड वेव के दौरान अप्रैल और मई के महीने में भारत में मेडिकल ऑक्सीजन की डिमांड अकल्पनीय रूप से बढ़ गई थी।भारत के इतिहास में कभी भी इतनी मात्रा में मेडिकल ऑक्सीजन की जरूरत महसूस नहीं की गई। इस जरूरत को पूरा करने के लिए युद्धस्तर पर काम किया गया। सरकार के सभी तंत्र लगे।”

• अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि, “आप पिछले 50-60 साल का इतिहास देखेंगे तो पता चलेगा कि भारत को विदेशों से वैक्सीन प्राप्त करने में दशकों लग जाते थे। विदेशों में वैक्सीन का काम पूरा हो जाता था तब भी हमारे देश में वैक्सीनेशन का काम शुरू नहीं हो पाता था।”

• पीएम मोदी ने आगे कहा कि, “आज पूरे विश्व में वैक्सीन के लिए जो मांग है, उसकी तुलना में उत्पादन करने वाले देश और वैक्सीन बनाने वाली कंपनियां बहुत कम हैं। कल्पना करिए कि अभी हमारे पास भारत में बनी वैक्सीन नहीं होती तो आज भारत जैसे विशाल देश में क्या होता?”

• जनता के संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि, “हर आशंका को दरकिनार करके भारत ने 1 साल के भीतर ही एक नहीं बल्कि दो मेड इन इंडिया वैक्सीन्स लॉन्च कर दी। हमारे देश ने, वैज्ञानिकों ने ये दिखा दिया कि भारत बड़े-बड़े देशों से पीछे नही है। आज जब मैं आपसे बात कर रहा हूं तो देश में 23 करोड़ से ज्यादा वैक्सीन की डोज़ दी जा चुकी है।”

• पीएम मोदी ने महामारी को लेकर कहा कि, “पिछले काफी समय से देश लगातार जो प्रयास और परिश्रम कर रहा है, उससे आने वाले दिनों में वैक्सीन की सप्लाई और भी ज्यादा बढ़ने वाली है। आज देश में 7 कंपनियाँ, विभिन्न प्रकार की वैक्सीन्स का प्रॉडक्शन कर रही हैं। तीन और वैक्सीन्स का ट्रायल भी एडवांस स्टेज में चल रहा है।”

• इसी के साथ पीएम मोदी ने कहा कि, “देश में कम होते कोरोना के मामलों के बीच, केंद्र सरकार के सामने अलग-अलग सुझाव भी आने लगे, भिन्न-भिन्न मांगे होने लगीं। पूछा जाने लगा, सब कुछ भारत सरकार ही क्यों तय कर रही है? राज्य सरकारों को छूट क्यों नहीं दी जा रही?”

LIVE TV