भारत जल्द लांच करेगा अंतरिक्ष विज्ञान चैनल और नाम होगा ‘इसरो टीवी’

बेंगलुरू| भारत जल्द ही एक अंतरिक्ष व विज्ञान समर्थित टीवी चैनल लांच करेगा, ताकि इसके फायदों को देशभर के लोगों तक पहुंचाया जा सके। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष के. सिवान ने यहां संवाददाताओं को बताया, “अगले तीन से चार महीनों के भीतर एक टीवी चैनल लांच किया जाएगा, ताकि भारत के ग्रामीण हिस्सों तक यह बात पहुंचाई जा सके कि कैसे अंतरिक्ष कार्यक्रम आम जनता को फायदा पहुंचा सकता है।”

'इसरो टीवी'
इसरो अध्यक्ष यहां अंतरिक्ष एजेंसी के मुख्यालय पर भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के जनक विक्रम साराभाई की 99वीं जयंती पर उनकी अर्धप्रतिमा के अनावरण के कार्यक्रम से इतर मीडिया से बात कर रहे थे।

‘इसरो टीवी’ नाम के चैनल पर विज्ञान और अंतरिक्ष एजेंसी के अभियानों के फायदों को रेखांकित करने वाले कार्यक्रमों को क्षेत्रीय भाषाओं के साथ साथ अंग्रेजी में प्रसारित किया जाएगा।

सिवान ने कहा, “भारतीय अंतरिक्ष मिशन और उसकी एप्लीकेशन की जानकारियां लोगों तक पूर्ण रूप से नहीं पहुंच रही हैं। चैनल के माध्यम से हमारा प्रयास अंतरिक्ष कार्यक्रम के फायदों से लोगों को जागरूक करना है।”

अंतरिक्ष एजेंसी का मकसद इस चैनल के माध्यम से भारतीय बच्चों और युवाओं के बीच वैज्ञानिक कठोरता विकसित करना भी है।

LIVE TV