
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच भारी तनाव का मामला सामने आया है। इसी बीच यूपी पुलिस के एक दारोगा का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अनशन कर रहे निष्कासित छात्रों को सख्त लहजे में धमकाते हुए नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में दारोगा को गुस्से में चिल्लाते हुए सुना जा सकता है- “इतनी फोर्स लगाऊंगा कि ठंडा कर दूंगा… जान नहीं रहे हो, ये गोरखपुर पुलिस है।”
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 8 सितंबर की दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच की है। विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के सामने छात्र अपनी मांगों को लेकर अनशन पर बैठे थे। माहौल तब और गरमा गया जब अनशनकारियों से बातचीत करने पहुंचे अतिरिक्त नियंता (एडिशनल प्रॉक्टर) डॉ. वेद प्रकाश राय को आक्रोशित छात्रों ने दौड़ा लिया। परिसर में लगातार बिगड़ती स्थिति और पुलिस के इकबाल को चुनौती मिलने से मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों का भी गुस्सा फूट पड़ा। छात्रों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद भाषाई मर्यादा टूट गई और दारोगा ने छात्रों को यह सख्त चेतावनी दे डाली।
बातचीत विफल होने पर हुआ हंगामा
दरअसल, विश्वविद्यालय में कथित अनियमितताओं और अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर छात्र नेता सतीश प्रजापति और उज्ज्वल सिंह के नेतृत्व में 25 अगस्त से प्रशासनिक भवन के सामने धरना चल रहा था, जो 5 सितंबर को भूख हड़ताल में तब्दील हो गया था। 8 सितंबर को जब एडिशनल प्रॉक्टर पुलिस बल और सुरक्षाकर्मियों के साथ भूख हड़ताल खत्म कराने पहुंचे, तो छात्रों ने उनके सामने अपनी मांगें रखीं।
जब दोनों पक्षों के बीच कोई सहमति नहीं बन सकी, तो प्रशासन की कार्रवाई से नाराज छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच बहस शुरू हो गई जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस और गार्ड्स को किसी तरह एडिशनल प्रॉक्टर को भीड़ के बीच से सुरक्षित निकालकर उनके कार्यालय तक पहुंचाना पड़ा।
परिसर में बढ़ा तनाव
इसी भारी हंगामे और गहमागहमी के बीच दारोगा का वह वीडियो रिकॉर्ड हो गया, जिसने अब तूल पकड़ लिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मौके पर मौजूद इंस्पेक्टर ने तनाव को बढ़ता देख तत्काल अतिरिक्त फोर्स बुलाने के निर्देश दिए। फिलहाल, प्रशासनिक भवन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और विश्वविद्यालय परिसर में तनाव की स्थिति बनी हुई है।




