
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले की रहने वाली शाहजहां बानो ने अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन कर सनातन धर्म अपना लिया है और अब उनका नया नाम प्रतीक्षा यादव हो गया है। उन्होंने बरेली के प्रसिद्ध अगस्त्य मुनि आश्रम में प्रतापगढ़ के रहने वाले अपने प्रेमी पवन यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया है। शादी के बाद शाहजहां ने सनातन धर्म में शामिल होने को अपने लिए गर्व का क्षण बताया है।
जन्म और शिक्षा प्रमाणपत्रों की जांच के बाद पूरी हुई प्रक्रिया
जौनपुर के नाहरमऊ गांव निवासी समीउल्ला की पुत्री शाहजहां बानो शनिवार को प्रतापगढ़ के भोजेपुर गांव निवासी पवन यादव के साथ बरेली के अगस्त्य मुनि आश्रम पहुंचीं। वहां उन्होंने आचार्य केके शंखधार से विवाह कराने का अनुरोध किया। आचार्य ने दोनों के बालिग होने की पुष्टि के लिए उनके शैक्षिक और जन्म प्रमाणपत्रों की जांच की। इसके बाद गंगाजल से आचमन कराकर सनातन धर्म में उनकी वापसी की प्रक्रिया पूरी की गई और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों का विवाह संपन्न कराया गया।
लखनऊ में टूर एंड ट्रेवल्स का काम करता है दूल्हा
बीए पास कर चुकी शाहजहां उर्फ प्रतीक्षा ने बताया कि उनके और पवन के गृह जिले भले ही अलग हैं, लेकिन दोनों के गांवों के बीच सिर्फ 12 किलोमीटर की दूरी है और वे लंबे समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे। वहीं, पवन यादव लखनऊ में टूर एंड ट्रेवल्स का व्यवसाय संभालते हैं। विवाह के बाद अब दोनों ने साथ रहने का फैसला किया है।
दो साल पहले भी आए थे दोनों
आचार्य केके शंखधार ने जानकारी दी कि यही युगल वर्ष 2024 में भी उनके पास विवाह के लिए आया था। उस समय शाहजहां ने अपनी रजामंदी जताते हुए भाई को बुलाने की बात कही थी, लेकिन जब उसका भाई वहां पहुंचा तो उसने समझाया कि इस तरह दूसरे धर्म में विवाह करने से उनकी छोटी बहन के रिश्ते में मुश्किलें आ सकती हैं। इसके बाद वे लोग वापस लौट गए थे। अब हाल ही में छोटी बहन का निकाह संपन्न होने के बाद, शाहजहां अपने परिवार को सूचित करके खुद वापस लौटी और अपना यह फैसला पूरा किया।


