Halwara Airbase Espionage Case: जासूसी में पकड़ा गया बेटा तो पिता ने कह दी बड़ी बात

हलवारा एयरफोर्स स्टेशन जासूसी मामले में गावं टूसे निवासी सुखकिरण सिंह उर्फ सुक्खा बाबा को 25 दिसंबर को देसी पिस्तौल और कारतूस के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उस पर हलवारा एयरफोर्स स्टेशन की सूचनाएं पाकिस्तान की आईएसआई एजेंसी को भेजने का आरोप है। वहीं अब सुक्खा के पिता जोगिन्दर सिंह ने अपने बेटे के बारे में सनसनीखेज खुलासे किए हैं।

जोगिंदर सिंह खेतीबाड़ी विभाग से बेलदार के पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। इस समय गावं टूसे में परिवार के साथ रहते हैं। जोगिंदर सिंह का कहना है कि उनका बेटा सुखकिरण सिंह शुरू से गलत संगत में रहा है। उस पर हत्या से लेकर कई संगीन अपराध के मामले दर्ज हैं। वह चाहे इनसे बरी हो चूका है लेकिन मेरा कहना है कि वह कुछ भी कर सकता है। जो काम उसने अब किया है, उसे बेटा कहने में भी शर्म महसूस होती है।

सुखकिरण के पिता जोगिंदर सिंह ने बताया कि उनका बेटा काफी समय से बॉर्डर एरिया में रहता आ रहा है। वह उसके पाकिस्तान में बैठे लोगों के साथ संपर्क से इंकार नहीं कर सकते। उनका बेटा उन्हें भी मारने की कोशिश कर चुका है। इस कारण पूरा परिवार उसके सामने कुछ नहीं बोल पाता। अब पुलिस ने जिस मामले में उसे गिरफ्तार किया है, वह देशद्रोह है। वह किसी कीमत पर उसके पीछे नहीं जाएंगे।

जोगिंदर सिंह ने बताया कि डेरा विवाद के समय उनका बेटा सबसे ज्यादा सक्रिय रहा है। गावं के डेरा प्रेमियों के साथ उसने खूब झगडे किये हैं। 2011 में उनके बेटे ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर एक थ्री व्हीलर चालक की हत्या कर दी थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लुधियाना जेल भेज दिया था। जेल में भी उसने झगड़े किये इसलिए उसे नाभा जेल में भेज दिया गया था। वहां पर उसके संबंध कट्टरपंथियों के साथ बन गए।

2015 में वह हत्या के मामले से बरी हो गया। इसके बाद वह निहंग जत्थेबंदी के साथ जुड़ गया। वह उसे अपने साथ अमृतसर के गांव मानोचाहल ले गए। वहां भी उसने 2017 में गांव के लोगों से झगड़ा कर लिया। वहां पर भी इस पर मामला दर्ज हो गया था। 2019 तक अमृतसर जेल में रहा। सुक्खा की पत्नी, एक बेटा, एक बेटी उनके पास ही रहते हैं। 

LIVE TV