DRDO का कमाल : रिकॉर्ड 20 दिनों में बनकर तैयार हुआ यह अस्पताल

जम्मू : प्रदेश में डीआरडीओ के पहले 500 बेड के कोरोना अस्पताल का लोकार्पण शनिवार को उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा किया गया। यह अस्पताल 20 दिनों में बनकर तैयार हुआ है। इस अस्पताल में 125 बेड का आईसीयू वार्ड है। इसी के साथ यहां 24 घंटे ऑक्सीजन की आपूर्ति की व्यवस्था की गयी है। 3 से 4 दिन के ट्रॉयल रन के बाद यहां मरीजों को सेवाएं मिलना आरम्भ हो जाएंगी। वहीं एक अन्य अस्पताल भी श्रीनगर में बन रहा है।

जम्मू के भगवती नगर में रक्षा शोध और विकास संगठन के द्वारा बनाए गए अस्पताल का लोकार्पण करने के बाद उप-राज्यपाल ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण के खिलाफ लड़ाई में DRDO अहम रोल अदा करेगा। यह अस्पताल 3 से 4 दिन बाद मरीजों की सेवाओं के लिए खोल दिया जाएगा।

आपको बता दें कि सिन्हा ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा किया और सुविधाओं का जायजा भी लिया। इसी के साथ उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिया कि प्रभावी मरीज केयर प्रबंधन के तहत अस्पताल रेफरल पॉलिसी का कड़ाई से पालन किया जाए।

LIVE TV