हिमनदी बचाओ अभियान दल की सरकार से मांग, बंद हो हिमालय क्षेत्रों में मानवीय आवाजाही

रिपोर्ट- नितिन रमोला

उत्तरकाशी। पर्वतारोहण एवं ट्रैकिंग व्यवसायियों की मांग पर स्वीकृत भोजवासा ट्रॉली का गंगोत्री ग्लेशियर हिमालय एवं हिमनदी बचाओ अभियान दल ने विरोध शुरू कर दिया है। संगठन ने भोजवासा में भागीरथी गंगा के ऊपर ट्रॉली निर्माण के निर्णय को पर्यावरण तंत्र के लिए खतरा बताते हुए सरकार से आदेश निरस्त करने की मांग की है। संगठन ने  उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भी मानवीय आवाजाही को पूर्णतः प्रतिबंधित करने की अपील की है।

हिमनदी बचाओ दल

हिमनदी बचाओ दल की प्रमुख ग्लेशियर लेडी शांति ठाकुर के नेतृत्व में पर्यावरण प्रेमियों ने विश्वनाथ चौक में देश विदेश से आए तीर्थयात्रियों का स्वागत कर उन्हें गंगोत्री ग्लेशियर के संरक्षण के संबंध में जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने प्रशासन के माध्यम से मुख्य सचिव को ज्ञापन भेजकर भोजवासा में ट्रॉली निर्माण पर विरोध जताया।

यह भी पढ़े: चारों धाम यात्रा के दौरान कथा पाबंदी पर संत समाज ने दिखाया आक्रोश

उन्होंने कहा कि गोमुख से निकलने वाली गंगा नदी पूरे भारत का पालन-पोषण कर रही है। लेकिन बढ़ते प्रदूषण एवं मानव हस्तक्षेप के चलते गंगोत्री ग्लेशियर लगातार पिघलता जा रहा है। जिससे मां गंगा के अस्तित्व को खतरा होने के साथ ही विनाश का संकट बढ़ गया है। ऐसे में व्यवसाय के नाम पर गंगोत्री क्षेत्र में किसी तरह का निर्माण आदि हस्तक्षेप इस खतरे को बढ़ा देगा।

उन्होंने गंगोत्री ग्लेशियर एवं गंगा नदी के संरक्षण के लिए गोमुख एवं उससे आगे मानवीय आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की।

LIVE TV