दिल्‍ली यूनिवर्सिटी में प्रो. योगेश सिंह बने नए वाइस चांसलर

दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी के वीसी प्रो. योगेश सिंह दिल्ली विश्वविद्यालय के नए कुलपति बनाए गए हैं। इस बात की जानकारी शिक्षा मंत्रालय की ओर से दी गई है। शिक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि प्रो. योगेश सिंह को दिल्ली विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कुलपति की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। दिल्‍ली यूनिवर्सिटी में योगेश त्यागी की जगह प्रो. योगेश सिंह दिल्ली यूनिवर्सिटी के कुलपति बनेंगे। प्रो. योगेश त्यागी का कार्यकाल अक्टूबर में समाप्त हो गया था, तब से पीसी जोशी अंतरिम कुलपति के रूप में कार्यरत हैं।

आपको बता दें कि देश की जानी मानी दिल्ली यूनिवर्सिटी में बुधवार को बड़ा बदलाव हुआ, जहां प्रो. योगेश सिंह को नया कुलपति नियुक्त किया गया है। इससे पहले वो दिल्ली टेक्नीकल यूनिवर्सिटी में कुलपति पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। प्रो. योगेश सिंह ने बड़ौदा के महाराज सयाजीराव विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में भी कार्य किया है।

इसके अलावा डीयू के वाइस चांसलर के लिए कई नामों पर चर्चा की गई थी। इनमें से जेएनयू के मौजूदा वीसी एम जगदीश कुमार, एडीएन वाजपेई और संगीता मिश्रा के नाम भी शामिल थे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दो वाइस चांसलर की नियुक्ति पर मुहर लगा दी है। योगेश सिंह को डीयू का तो नीलिमा गुप्ता को डॉ. हरि सिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर (मध्य प्रदेश) का वाइस चांसलर बनाया गया है।

LIVE TV