अयोध्या में जुटेंगे भाजपा शासित राज्यों के सीएम, करेंगे रामलला के दर्शन

अयोध्या में पहली बार भाजपा शासित 11 राज्यों के सीएम और डिप्टी सीएम बुधवार को रामलला के दर्शन करेंगे। विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों का अयोध्या में यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा स्वागत किया जाएगा। वहीं इस कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस से लेकर प्रशासन तक के अफसर जुटे हैं।

गौरतलब है कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के लोकार्पण के बाद अयोध्या में बुधवार 15 दिसंबर को मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के भ्रमण का कार्यक्रम है। भ्रमण के इस कार्यक्रम को लेकर डीएम नितीश कुमार व एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने भ्रमण कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। अफसरों ने हवाई पट्टी, पंचशील होटल, हनुमान गढ़ी, राम की पैड़ी, सरयू आरती स्थल, राम जन्मभूमि परिसर की व्यवस्थाओं को जांचा।

महानुभावों का संभावित आगमन बुधवार को दोपहर के आसपास हवाई पट्टी पर प्रस्तावित है। जिसके बाद वह बाईपास स्थित होटल पर जाएंगे। वहां से हनुमानगढ़ी, सरयू घाट, राम की पैड़ी, और वहां से लौटकर श्रीराम जन्मभूमि परिसर का अवलोकन व दर्शन पूजन करेंगे। जिसके बाद वह पुनः होटल पहुंच जाएंगे। होटल से लखनऊ आदि के लिए प्रस्थान प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही सभी अन्य मुख्यमंत्रियों व महानुभावों को विशेष सुरक्षा प्राप्त है। स्थानीय सुरक्षा के साथ ही उनके सुरक्षाकर्मी भी साथ में आ रहे हैं।

LIVE TV