नोएडा। भाजपा के कद्दावर नेता और कैराना लोकसभा सीट से सांसद हुकुम सिंह का शनिवार की रात निधन हो गया। हुकुम सिंह पिछले काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। हुकुम सिंह ने नोएडा के जेपी अस्पताल में अंतिम सांस ली।
सांसद हुकुम सिंह की तबीयत कुछ समय से खराब चल रही थी। पहले भी उन्हें कई दिन तक अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था।
हुकुम सिंह मुजफ्फरनगर जिले के कैराना में ही रहते हैं। उनका जन्म 5 अप्रैल 1938 को हुआ था। उन्होंने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से बीए और एलएलबी की पढ़ाई पूरी की।
बता दें कि हुकुम सिंह सात बार विधायक रहे हैं। 1974 में वे पहली बार विधायक बने थे। सांसद हुकुम सिंह के निधन के कारण सोमवार को संसद की कार्यवाही नहीं होगी।
हुकुम सिंह को साल 1975 में उत्तरप्रदेश कांग्रेस समिति के महामंत्री भी बने। 1981-82 में लोकलेखा समिति का अध्यक्ष भी बनाया गया। 1985-1986 तक यूपी सरकार में राज्यमंत्री का पदभार संभाला। हुकुम सिंह यूपी सरकार में 1986-1989 और 1996-2004 के दौरान कैबिनेट मंत्री रहे। मई 2014 में वे 16वीं लोकसभा में निर्वाचित किए गए।