Bihar politics: श्याम रजक के बहाने RJD पर पूर्व मुख्यमंत्री मांझी का तंज , कहा- ‘आ गई 14 तारीख, कहां गए सरकार बनाने वाले’

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने राष्ट्रिय जनता दल के नेता श्याम रजक पर तीखा हमला बोला। जीतन राम मांझी ने श्याम रजक को 14 जनवरी की तारीख याद दिलाते हुए पूछा कि वह खुद राजद में हैं ही या नहीं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए श्याम रजक पर तंज कसा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ट्विटर पर एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने लिखा, ‘आज ही ना 14 तारीख है जी? ऊ @RJDforindia वाला बड़का नेता लोग कहा था कि 14 जनवरी को @jduonline का 17 गो विधायक लेकर महागठबंधन के सरकार बनाएंगे। पता कीजिए तो कि ऊ लोग खुद ही राजद में हैं कि निकल लिया।’ 

उल्लेखनीय है कि हाल ही में अरुणाचल प्रदेश में भाजपा ने जनता दल यूनाइटेड के छह विधायकों को पार्टी में शामिल किया था। जिसके बाद राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष श्याम रजक ने दावा किया था कि जदयू के 17 विधायक पार्टी के संपर्क में हैं और वे कभी भी राजद ज्वाइन कर सकते हैं। श्याम रजक ने 30 दिसंबर को बताया था कि भाजपा की कार्यशैली से जेडीयू के विधायक नाराज हैं और वे सरकार गिराना चाहते हैं।

श्याम रजक ने मीडिया के सामने दावा किया था कि जदयू के 17 विधायक उनके संपर्क में हैं और खरमास खत्म होते ही वे राजद में शामिल हो जाएंगे। उन्होंने आगे कहा था कि जदयू को तोड़ने के लिए 25-26 विधायक होने चाहिए। हालांकि, दल-बदल कानून के तहत 17 विधायकों को अभी राजद में शामिल नहीं किया जा सकता है। 

इसी मामले पर जदयू के प्रवक्ता संजय सिंह ने श्याम रजक के इस दावे पर कहा था कि खरमास के बाद बिहार की राजनीति में बदलाव होगा। संजय सिंह ने कहा कि ‘श्याम रजक को शायद पता नहीं है कि राजद के विधायक भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार में विश्वास रखते हैं। वे उनके एक इशारे पर पार्टी छोड़ देंगे। खैर मनाइए कि अभी खरमास है। जैसे ही खरमास खत्म होगा, बिहार की राजनीति बदल जाएगी।

LIVE TV