कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करने पर घिरे AMU कुलपति, छात्रों ने विरोध में चिपकाए पोस्टर

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी(AMU) के वाइस चांसलर ने शोक संवेदना व्यक्त किया, लेकिन अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी(AMU) के छात्रों ने इसकी निंदा की है। इस संबंध में यूनिवर्सिटी परिसर में कई जगह पोस्टर चिपकाए गए।

Aligarh Muslim University | AMU

दरअसल, 22 अगस्त यानि रविवार को अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी(AMU) के वाइस चांसलर तारिक मंसूर ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। इस शोक पत्र के बाद यूनिवर्सिटी के कैंपस में एक पोस्टर लगाया गया, जिसमें इस शोक संवेदना की निंदा की गई हैं।

पोस्टर में लिखा गया है कि वाइस चांसलर द्वारा कल्याण सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करना शर्मनाक है, क्योंकि कल्याण सिंह बाबरी मस्जिद विध्वंस की घटना के मुख्य पात्रों में से एक थे और उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन किया था। जो पोस्टर लगाया गया है, उसपर किसी संगठन या छात्र का नाम नहीं लिखा है। हालांकि, कुछ छात्र संगठनों ने इस पत्र का समर्थन किया है।

यह पोस्टर हिंदी उर्दू और अंग्रेजी भाषा में हैं। कुछ लोगों ने इन पोस्टर का फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर भी डाल दिया है। इस संबंध में विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर प्रोफेसर वसीम अली कहते हैं कि विश्वविद्यालय परिसर में इस समय छात्र नहीं हैं। कैंपस खाली है। कुछ शरारती तत्वों द्वारा इस तरह के पोस्टर दो-तीन जगह चिपकाए गए थे, जिसके विषय में जानकारी होने पर उनको तत्काल हटवा दिया गया। जहां तक सोशल मीडिया का संबंध है उस पर कोई भी व्यक्ति टिप्पणी कर सकता है। अगर वह कानून उल्लंघन के दायरे में आता है तो कानून अपना काम करेगा।

बता दे उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राजस्थान के राज्यपाल रहे कल्याण सिंह का 21 अगस्त को 89 साल की उम्र में निधन हुआ। कल्याण सिंह की गिनती भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में होती रही है, जिन्होंने रामजन्मभूमि आंदोलन के दौरान अहम भूमिका निभाई थी।

LIVE TV